RCB vs SRH: हेजलवुड और कमिंस की चोट से बढ़ी टेंशन, इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 12:54 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीजन का ओपनिंग मैच है, इसलिए फैंस को हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद है। दोनों टीमें जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेंगी और शुरुआत से ही दबदबा बनाने की कोशिश करेंगी।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट की वापसी
बेंगलुरु का चिन्नास्वामी स्टेडियम लंबे समय बाद IPL मैच की मेजबानी करेगा। पिछले साल RCB के टाइटल सेलिब्रेशन के दौरान हुई दुखद भगदड़ के बाद यहां कोई मुकाबला नहीं खेला गया था, जिसमें 11 लोगों की जान गई थी। अब कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाकर स्टेडियम को फिर से तैयार किया है, जिससे क्रिकेट की वापसी हो रही है।
विराट कोहली की वापसी पर रहेंगी नजरें
इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण विराट कोहली होंगे, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज के बाद मैदान पर वापसी कर रहे हैं। कोहली का फोकस 2027 वर्ल्ड कप पर है, ऐसे में फैंस यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि वह इस सीजन आक्रामक अंदाज अपनाते हैं या अपनी क्लासिक बल्लेबाजी से पारी को आगे बढ़ाते हैं।
हेजलवुड और कमिंस की चोट से बढ़ी टेंशन
इस बड़े मुकाबले से पहले दोनों टीमों को अपने प्रमुख तेज गेंदबाजों की कमी खलेगी। RCB के जोश हेजलवुड और SRH के कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण ओपनिंग मैच से बाहर रह सकते हैं। हालांकि दोनों खिलाड़ी भारत पहुंच चुके हैं, लेकिन पूरी तरह फिट नहीं हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के गेंदबाजी आक्रमण को कमजोर कर सकती है।
इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
हेजलवुड और कमिंस की गैरहाजिरी में दोनों टीमों को नए गेंदबाजों पर भरोसा करना होगा। RCB की ओर से जैकब डफी को मौका मिल सकता है, जबकि SRH में ब्रायडन कार्से को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। ये खिलाड़ी इस बड़े मैच में खुद को साबित करने का सुनहरा मौका पाएंगे।
RCB टीम में और भी बदलाव संभव
RCB के लिए नुवान तुषारा भी पहला मैच मिस कर सकते हैं क्योंकि उन्हें श्रीलंका क्रिकेट से क्लियरेंस मिलने में देरी हो रही है। वहीं इंग्लैंड के जैकब बेथेल भी ओपनिंग मैच से बाहर रह सकते हैं। ऐसे में फिल सॉल्ट, विराट कोहली के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं, जबकि मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड अहम भूमिका निभाएंगे।
SRH की कप्तानी करेंगे ईशान किशन
पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी ईशान किशन संभाल सकते हैं। टीम की बल्लेबाजी ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, लियाम लिविंगस्टोन और हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ियों पर निर्भर करेगी, जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख पलट सकते हैं।
संभावित प्लेइंग 11
RCB: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जैकब डफी।
SRH: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, ब्रायडन कार्से, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल, जीशान अंसारी।

