प्रमुख कोच हथरुसिंघे पर गिरी गाज, बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड ने इस कारण पद से हटाया

punjabkesari.in Friday, Oct 18, 2024 - 05:32 PM (IST)

ढाका : बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टीम के प्रमुख कोच चंडिका हथरुसिंघे को दो दिन पहले हुए निलंबन के बाद पद से हटा दिया है। यह निलंबन मैदान पर मौजूद उनके व्यवहार और रोजगार शर्तों के उल्लंघन के आधार पर किया गया है। 

बीसीबी के अध्यक्ष फारूक अहमद ने मंगलवार को कहा कि हथुरुसिंघे ने बंगलादेश के एक क्रिकेटर के साथ मारपीट की और अपने अनुबंध में उल्लेखित से अधिक छुट्टियां लीं। बोर्ड ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर कदाचार के दो मामलों पर स्पष्टीकरण मांगा था। हथुरुसिंघे ने अगले दिन प्रतिक्रिया दी जिसके बाद गुरुवार को स्थिति की समीक्षा के लिए एक आपातकालीन बोर्ड बैठक बुलाई गई। 

बीसीबी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘सभी कारकों पर विचार करने के बाद बोर्ड ने हथुरूसिंघे के स्पष्टीकरण को असंतोषजनक और अस्वीकार्य माना। उनकी बर्खास्तगी तत्काल प्रभाव से लागू होती है।' बंगलादेश के कोच के रूप में हथुरुसिंघे का दूसरा कार्यकाल समाप्त हो गया। उनका अनुबंध जनवरी 2025 तक था। फिल सिमंस को फरवरी 2025 में होने वाली आगामी चैंपियंस ट्रॉफी तक टीम का प्रमुख कोच नियुक्त किया गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News