भारत ने पहले महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट विश्व कप के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की
punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 06:32 PM (IST)

बेंगलुरु : भारत 11 से 25 नवंबर तक ऐतिहासिक रूप से पहली बार दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप क्रिकेट की मेजबानी करेगा। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और अमेरिका की टीमें भाग लेंगी। मैच नई दिल्ली और बेंगलुरु में खेले जाएंगे। शुरुआत में काठमांडू को तीसरे मेजबान शहर के रूप में चुना गया था, जहां पाकिस्तान से जुड़े मैच होने थे, हालाँकि, नेपाल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए एक वैकल्पिक स्थल पर विचार किया जा रहा है।
भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विश्व कप में 21 लीग मैच, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल मैच होंगे। 56 खिलाड़ियों की राष्ट्रव्यापी प्रतिभा खोज, उसके बाद कठोर प्रशिक्षण और चयन शिविरों के बाद दृष्टिबाधित महिलाओं के लिए अंतिम 16 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा की गई है, जो विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा, लचीलापन और जुझारूपन दिखाने के लिए तैयार है।
टीम सूची :
बी1 श्रेणी : सिमू दास (दिल्ली), पी. करुणा कुमारी (आंध्र प्रदेश), अनु कुमारी (बिहार), जमुना रानी टुडू (ओडिशा), काव्या वी (कर्नाटक)
बी2 श्रेणी : अनेखा देवी (दिल्ली), बसंती हंसदाह (ओडिशा), सिमरनजीत कौर (राजस्थान), सुनीता सराठे (मध्य प्रदेश), पारबती मार्ंडी (ओडिशा)
बी3 श्रेणी : दीपिका टीसी (कर्नाटक - कप्तान), फूला सोरेन (ओडिशा), गंगा एस कदम (महाराष्ट्र - उप कप्तान), काव्या एनआर (कर्नाटक), सुषमा पटेल (मध्य प्रदेश), दुर्गा येवले (मध्य प्रदेश)
समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड की क्रिकेट शाखा, द क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) इस ऐतिहासिक विश्व कप का गौरवशाली आयोजक है, जो दिव्यांग खिलाड़ियों, विशेषकर महिलाओं के लिए समान मंच बनाने में भारत के नेतृत्व को दर्शाता है। CABI के अध्यक्ष महंतेश जी किवादासन्नावर ने कहा, 'यह विश्व कप सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है, यह साहस, कौशल और समावेशिता का उत्सव है। भारत में इसकी मेजबानी करना गर्व की बात है और मुझे विश्वास है कि हमारी लड़कियां इस कसौटी पर खरा उतरेंगी, लाखों लोगों को प्रेरित करेंगी और देश को गौरवान्वित करेंगी।'
इससे पहले भारतीय महिला दृष्टिबाधित टीम ने 2023 IBSA विश्व खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था, जहां दृष्टिबाधित क्रिकेट ने अपनी शुरुआत की। भारत ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट में एक गौरवशाली अध्याय लिखा।