भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर ICC सख्त, पाकिस्तान क्रिकेट को दी कड़ी चेतावनी

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 10:19 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप मैच को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। ICC ने PCB से यह स्पष्ट करने को कहा है कि उसने ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज के तहत मैच का बहिष्कार करने का फैसला क्यों और किन आधारों पर लिया। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना था, जिसे पहले से तय हाइब्रिड मॉडल के तहत आयोजित किया जाना था।

10 दिन पहले भेजा गया ईमेल, सरकार के निर्देशों का हवाला

रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने टूर्नामेंट शुरू होने से 10 दिन से भी कम समय पहले ICC को एक ईमेल भेजा, जिसमें उसने पाकिस्तान सरकार के निर्देशों को मैच न खेलने की वजह बताया। ICC और PCB के बीच फिलहाल बातचीत जारी है और वैश्विक संस्था इस मामले को टकराव तक ले जाने के बजाय आपसी सहमति से हल निकालने की कोशिश कर रही है।

क्या है ‘फोर्स मेज्योर’, क्यों ICC को आपत्ति?

फोर्स मेज्योर एक कानूनी प्रावधान है, जिसके तहत कोई पक्ष अप्रत्याशित परिस्थितियों—जैसे युद्ध, प्राकृतिक आपदा या सरकारी आदेश—के कारण अपने संविदात्मक दायित्वों से मुक्त हो सकता है। ICC के मेंबर्स पार्टिसिपेशन एग्रीमेंट (MPA) के अनुसार, यदि कोई बोर्ड फोर्स मेज्योर का हवाला देता है, तो उसे यह भी साबित करना होता है कि उसने स्थिति को संभालने के लिए क्या प्रयास किए।

ICC ने PCB से यह बताने को कहा है कि उसने मैच आयोजित करने के लिए कौन-कौन से वैकल्पिक उपाय अपनाए, साथ ही सबूत भी मांगे हैं।

मैच न होने पर वित्तीय और कानूनी नुकसान की चेतावनी

ICC ने PCB को आगाह किया है कि यदि यह मैच नहीं होता है, तो इससे खेल, कमर्शियल और गवर्नेंस स्तर पर गंभीर नुकसान हो सकता है। हालांकि ICC ने साफ किया है कि वह टकराव नहीं चाहता, लेकिन उसके संविधान के तहत गंभीर उल्लंघन की स्थिति में किसी सदस्य को निलंबित या बाहर करने का अधिकार उसके पास है।

राजनीतिक पृष्ठभूमि ने बढ़ाई जटिलता

भारत-पाक मैच के बहिष्कार की घोषणा सबसे पहले पाकिस्तान के आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस फैसले को बांग्लादेश के समर्थन से जोड़ा। बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाकर स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था, क्योंकि ICC उनकी सभी मैच भारत से बाहर खेलने की मांग पूरी नहीं कर पाया।

बांग्लादेश विवाद और मुस्तफिजुर रहमान का मामला

स्थिति तब और बिगड़ गई जब कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बांग्लादेश टीम से हटाया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फैसला BCCI के निर्देशों के बाद लिया गया, जिसमें बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा को लेकर चिंताएं जताई गई थीं।

पुराने भारत विवाद को बना रहा PCB ढाल

PCB का मानना है कि उसका कानूनी पक्ष मजबूत है। उसने BCCI के साथ 2014 के विवाद को उदाहरण के तौर पर पेश किया है, जिसमें भारत सरकार की अनुमति न मिलने के कारण द्विपक्षीय सीरीज नहीं हो पाई थी। हालांकि उस केस में PCB को मुआवजा नहीं मिला था, लेकिन बोर्ड का तर्क है कि सरकारी हस्तक्षेप क्रिकेटिंग दायित्वों को प्रभावित कर सकता है, जिसका उदाहरण पहले भी मौजूद है।

बैक-चैनल बातचीत जारी

ESPN क्रिकइन्फो के अनुसार, ICC निदेशक इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी PCB अधिकारियों के साथ बैक-चैनल बातचीत कर रहे हैं, ताकि गतिरोध खत्म किया जा सके। फिलहाल, इस पूरे मामले पर ICC या PCB की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News