''80 रन बना लिए थे तो 20 और क्यों नहीं?'' इस भारतीय बल्लेबाज पर अश्विन का बड़ा सवाल
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 05:27 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के सबसे बड़े मैच विनर्स में गिने जाते हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और दबाव में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कई यादगार पारियां खेली हैं। हालांकि, पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि पंत को अब अपने खेल में थोड़ी और जिम्मेदारी जोड़ने की जरूरत है।
पंत की बल्लेबाजी के मुरीद हैं अश्विन
ऋषभ पंत ने अब तक 50 टेस्ट मैचों में आठ शतक लगाए हैं और कई बार भारत को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है। उनकी निडर बल्लेबाजी विरोधी टीमों के लिए हमेशा चुनौती रही है। हालांकि, पंत का यही आक्रामक अंदाज कई बार उनके खिलाफ भी गया है। कई मौकों पर वह 80 या 90 रन के आसपास पहुंचकर जोखिम भरे शॉट खेलते हुए आउट हुए हैं, जिससे बड़ी पारियां शतक में नहीं बदल सकीं।
अफगानिस्तान टेस्ट की पारी बनी चर्चा का विषय
हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भी पंत 81 रन बनाकर आउट हो गए। भारत उस समय मजबूत स्थिति में था, इसलिए उनके विकेट का मैच पर ज्यादा असर नहीं पड़ा, लेकिन उनकी शॉट चयन को लेकर फिर बहस शुरू हो गई। इसी पारी का जिक्र करते हुए अश्विन ने कहा कि पंत जैसी प्रतिभा वाला बल्लेबाज बार-बार एक जैसी गलती कर रहा है, जो हैरान करने वाली बात है।
'80 तक पहुंच गए तो 20 रन और क्यों नहीं?'
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि पंत को अपनी पारियों को बड़े स्कोर में बदलने पर ध्यान देना चाहिए। अश्विन ने कहा, 'तुम 80 और 90 के स्कोर पर कई बार आउट हो चुके हो। इतने शानदार टेस्ट बल्लेबाज आसानी से नहीं मिलते। लेकिन 80 रन पर पहुंचकर ऐसा शॉट खेलना समझ से परे है। जब 80 तक पहुंच गए हो तो 20 रन और बनाकर शतक क्यों नहीं पूरा कर सकते?'
उन्होंने आगे कहा, 'ऋषभ ने कुछ मौकों पर गलत समय पर ऐसे शॉट खेलकर भारत को नुकसान भी पहुंचाया है। एक बल्लेबाज के तौर पर उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी लेनी होगी। अगर उन्होंने अपने कई 80 के स्कोर को शतक में बदला होता तो उनके आंकड़े अविश्वसनीय होते।'
बार-बार एक जैसी गलती पर जताई निराशा
अश्विन का मानना है कि गलती हर बल्लेबाज से होती है, लेकिन अनुभवी खिलाड़ी को बार-बार वही गलती नहीं दोहरानी चाहिए। उन्होंने कहा, 'हर बल्लेबाज गलती करता है, लेकिन जिस तरह से वह बार-बार ऐसा करते हैं, वह निराशाजनक है। जब इतने लोग बता चुके हैं कि यह गलती है, फिर भी उसे दोहराना ठीक नहीं है।'
'50 से ज्यादा टेस्ट खेल चुके हैं, अब परिस्थिति के हिसाब से खेलना होगा'
पूर्व ऑफ स्पिनर ने कहा कि पंत अब युवा खिलाड़ी नहीं रहे और उन्हें मैच की स्थिति को बेहतर तरीके से समझना होगा। अश्विन ने कहा, 'उन्होंने 50 से ज्यादा टेस्ट मैच खेल लिए हैं। ऐसे में कई मौकों पर उन्हें टीम की जरूरत और मैच की परिस्थिति के हिसाब से बल्लेबाजी करनी होगी।'

