IND A vs SL A: वैभव सूर्यवंशी ने फिर दिखाई आक्रामक बल्लेबाजी, लेकिन बड़ी पारी से चूके
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 10:38 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ए और श्रीलंका ए के बीच डंबुला में खेले जा रहे त्रिकोणीय सीरीज के चौथे मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से प्रभावित किया, लेकिन शानदार शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। श्रीलंका ए के कप्तान सहान अराच्चिगे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
वैभव ने तूफानी अंदाज में की शुरुआत
पारी की शुरुआत करने उतरे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआती ओवरों से ही आक्रामक तेवर दिखाए। पहले ओवर में सतर्क रहने के बाद उन्होंने दूसरे ओवर में एक छक्का और दो चौकों की मदद से 15 रन बटोरकर भारत ए को तेज शुरुआत दिलाई। तीन ओवर के बाद भारत ए का स्कोर बिना किसी नुकसान के 23 रन था, जिसमें वैभव 16 रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि प्रभसिमरन सिंह दूसरे छोर पर उनका साथ दे रहे थे।
अच्छी शुरुआत के बाद आउट हुए वैभव
हालांकि, वैभव अपनी शानदार लय को लंबे समय तक बरकरार नहीं रख सके। उन्होंने 14 गेंदों में 21 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। आक्रामक शॉट खेलने के प्रयास में वह सहान अराच्चिगे की गेंद पर पॉइंट पर कैच दे बैठे और भारत ए को पहला झटका लगा।
भारत ए के लिए अहम मुकाबला
भारत ए के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है। टीम ने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में श्रीलंका ए को हराया था, लेकिन दूसरे मैच में अफगानिस्तान ए के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत ए को इस मुकाबले में जीत की जरूरत है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत ए: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, अर्शद खान, विपराज निगम, यश ठाकुर।
श्रीलंका ए: निरोशन डिकवेला, अविष्का फर्नांडो, विशेन हालांबागे, सदीरा समरविक्रमा, अहान विक्रमसिंघे, सहान अराच्चिगे (कप्तान), वानुजा सहान, विजयकांत वियासकांत, कुगाथास मथुलान, चमिका करुणारत्ने, मोहम्मद शिराज।

