IND vs NZ: वनडे सीरीज से पहले मिचेल सैंटनर का बड़ा बयान, विराट-रोहित को बताया बड़ी चुनौती

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 05:39 PM (IST)

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भारत के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को आगामी वनडे सीरीज के लिए बड़ी चुनौती बताया है। सैंटनर ने कहा कि अतीत में न्यूजीलैंड की कुछ पिचें इन दोनों दिग्गज बल्लेबाजों को काफी रास आई हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि इस बार परिस्थितियां अलग होंगी।

विराट कोहली और रोहित शर्मा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिर्फ 50 ओवर के प्रारूप में खेलते हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस साल अक्टूबर-नवंबर में पांच वनडे, पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैच खेले जाने हैं।

विराट और रोहित को लेकर सैंटनर ने कही बड़ी बात

मिचेल सैंटनर ने 'पीटीआई' के साथ बातचीत में विराट कोहली और रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए उन्हें न्यूजीलैंड के लिए बड़ी चुनौती बताया। सैंटनर ने कहा, 'यह एक चुनौती होगी। हमने लंबे समय से देखा है कि वे दोनों अब भी बेहद अच्छे खिलाड़ी हैं और वनडे क्रिकेट के माहिर हैं। अतीत में न्यूजीलैंड की कुछ पिचें उन्हें काफी रास आई हैं। उम्मीद है कि इस बार ऐसा नहीं होगा।'

विश्व कप की तैयारी के लिहाज से अहम होगी सीरीज

सैंटनर ने भारत-न्यूजीलैंड सीरीज को अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों का अहम हिस्सा बताया। वह फिलहाल 'यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग' में 'एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स' की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'इसमें कोई संदेह नहीं कि यह शानदार शृंखला होगी। यह अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों का हिस्सा है। सीमित मैचों के बीच हर टीम विश्व कप के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ संयोजन बनाने की कोशिश कर रही है।'

भारत के खिलाफ सीरीज जीतना पहला लक्ष्य

सैंटनर ने बताया कि न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ पांच वनडे मैच खेलने हैं। इसके बाद टीम घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच खेलेगी। फिर सितंबर 2027 में इंग्लैंड में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों पर ध्यान दिया जाएगा। न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा, 'सबसे पहले हमारा लक्ष्य घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ शृंखला जीतना है। यह हमारे लिए शानदार उपलब्धि होगी। इसके बाद अगले साल अक्टूबर तक विश्व कप के लिए टीम का सही संयोजन तैयार करने पर ध्यान रहेगा।'

भारत को 3-0 से हराकर इतिहास रच चुका है न्यूजीलैंड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पिछली टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड ने ऐतिहासिक 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने भारत के घरेलू मैदान पर 12 साल से अधिक समय और 18 सीरीज से चले आ रहे अजेय अभियान को खत्म कर दिया था। मिचेल सैंटनर उस सीरीज में न्यूजीलैंड की जीत के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे थे। उन्होंने भारत दौरे पर पुणे में खेले गए दूसरे टेस्ट में 13 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को सीरीज में बढ़त दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

नए भारतीय खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं परिस्थितियां

भारतीय टेस्ट टीम में बदलाव के दौर को देखते हुए सैंटनर ने कहा कि नवंबर में न्यूजीलैंड में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज भारत के कुछ नए खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है। उन्होंने कहा, 'जैसा कि हमने पहले भी बात की है, सबसे जरूरी है कि परिस्थितियों के अनुसार जल्दी ढलने की कोशिश की जाए। नए खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड में लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का यह पहला अनुभव हो सकता है। यहां की पिचें उनके लिए नई होंगी और संभव है कि वे भारत की तुलना में गेंदबाजों को अधिक मदद दें।'

भारतीय टेस्ट टीम को बताया पूरी तरह संतुलित

हालांकि, सैंटनर ने मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम को “पूरी तरह संतुलित” बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे के लिए अच्छी तरह तैयार होती नजर आ रही है। सैंटनर के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा। उन्होंने मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की उछाल हासिल करने की क्षमता का भी जिक्र किया।

जडेजा और मानव सुथार होंगे स्पिन विकल्प

सैंटनर ने कहा कि भारतीय टीम के पास स्पिन गेंदबाजी में भी अच्छे विकल्प मौजूद हैं। रविंद्र जडेजा और मानव सुथार टीम के लिए स्पिन का विकल्प दे सकते हैं। इस तरह न्यूजीलैंड के कप्तान के मुताबिक भारतीय टीम के पास तेज गेंदबाजी और स्पिन दोनों विभागों में अलग-अलग परिस्थितियों के अनुसार खेलने के लिए पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News