IND vs ENG : सेमीफाइनल में ''करो या मरो'' मुकाबला, कोच गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार के सामने बड़ी अग्निपरीक्षा

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 12:50 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में जगह तो बना ली है, लेकिन अब असली मुकाबला 5 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ होना है। यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि कोच Gautam Gambhir और कप्तान Suryakumar Yadav की रणनीति और नेतृत्व की सबसे बड़ी परीक्षा है। जीत मिलेगी तो फाइनल का रास्ता खुलेगा, हार का मतलब होगा टूर्नामेंट से बाहर होना।

सुपर-8 तक का सफर रहा उतार-चढ़ाव भरा

घरेलू परिस्थितियों में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत से दमदार बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन प्रदर्शन लगातार अस्थिर रहा। सुपर-8 तक पहुंचने की राह में बल्लेबाजी सबसे बड़ी चिंता बनकर उभरी। टीम कई बार दबाव में बिखरती नजर आई।

अमेरिका से लेकर ग्रुप स्टेज तक लड़खड़ाई बल्लेबाजी

टूर्नामेंट के पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ भारत ने 77 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। उस संकट में सूर्यकुमार ने 84 रन बनाकर टीम को संभाला। नामीबिया के खिलाफ Ishan Kishan और Hardik Pandya ने योगदान दिया, लेकिन निरंतरता की कमी दिखी। पाकिस्तान के खिलाफ ईशान किशन के 77 रन आए, तो नीदरलैंड के खिलाफ Shivam Dube ने 66 रन बनाए, फिर भी बल्लेबाजी संतुलित नजर नहीं आई।

सुपर-8 में बढ़ी मुश्किलें

सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूरी टीम महज 111 रन पर सिमट गई। जिम्बाब्वे के खिलाफ बल्लेबाजी चमकी, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत दिलाने का श्रेय Sanju Samson की 97 रन की तूफानी पारी को गया। बाकी बल्लेबाजों की अस्थिरता चिंता का विषय बनी रही।

स्टार खिलाड़ियों का फीका प्रदर्शन

इस वर्ल्ड कप में Abhishek Sharma से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन छह मैचों में वह केवल 80 रन ही बना सके और तीन बार शून्य पर आउट हुए। सूर्यकुमार का स्ट्राइक रेट 135 के आसपास रहा, जो उनकी शैली के हिसाब से कम माना जा रहा है। हार्दिक पांड्या भी बड़े मौकों पर असर नहीं छोड़ पाए। लगातार योगदान देने वाले बल्लेबाजों में ईशान किशन सबसे आगे रहे।

सेमीफाइनल में असली परीक्षा

अब इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत को अपनी कमजोरियों से भी लड़ना होगा। गौतम गंभीर की रणनीति और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी दोनों की असली परीक्षा अब होगी। समीकरण साफ है—जो जीतेगा वही फाइनल खेलेगा। ऐसे में टीम इंडिया को चैंपियन जैसी क्रिकेट दिखानी होगी, वरना सफर यहीं थम सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News