IND vs ENG, 1st ODI: जानिए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, मौसम-पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग 11

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 10:27 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खत्म होने के बाद अब दोनों टीमें 14 जुलाई से तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला मुकाबला मंगलवार, 14 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। टी20 सीरीज में शर्मनाक हार झेलने के बाद भारतीय टीम की नजरें वनडे में जोरदार वापसी पर होंगी। इस सीरीज के साथ रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हो रही है, जिससे भारत की ताकत और बढ़ गई है।

IND vs ENG ODI हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 110 वनडे मुकाबले खेले गए हैं।

कुल मैच: 110
भारत जीता: 61
इंग्लैंड जीता: 44
टाई: 2
बेनतीजा: 3

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भारत का पलड़ा साफ तौर पर भारी रहा है।

एजबेस्टन पिच रिपोर्ट

एजबेस्टन की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, जहां अच्छी उछाल और तेज आउटफील्ड के कारण बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद है, जबकि मैच आगे बढ़ने पर स्पिनरों को भी हल्की मदद मिल सकती है। टॉस जीतने वाली टीम परिस्थितियों को देखते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।

बर्मिंघम मौसम रिपोर्ट

बर्मिंघम में मैच के दिन मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। बीच-बीच में हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि पूरे मैच के धुलने की उम्मीद नहीं है। यदि बारिश होती है तो कुछ समय के लिए खेल रुक सकता है, लेकिन मुकाबले के पूरे होने की संभावना ज्यादा है।

रोहित-विराट की वापसी से मजबूत हुई टीम इंडिया

वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी सबसे बड़ी चर्चा का विषय है। दोनों दिग्गज बल्लेबाज लंबे समय बाद 50 ओवर के प्रारूप में एक्शन में नजर आएंगे। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी 2023 वनडे विश्व कप के बाद पहली बार इस फॉर्मेट में खेलते दिख सकते हैं।

इंग्लैंड भी पूरे दमखम के साथ उतरेगा

हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड टी20 सीरीज में भारत को 4-0 से हराकर शानदार आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगा। टीम में जो रूट की वापसी से बल्लेबाजी और मजबूत हो गई है। जोस बटलर, बेन डकेट और जैकब बेथेल जैसे बल्लेबाज भारत के गेंदबाजों के लिए चुनौती पेश करेंगे।

संभावित प्लेइंग 11

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्लैंड: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), विल जैक्स, सैम करन, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जोश टंग, आदिल राशिद।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News