IND vs ENG 2nd T20I: वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर सस्पेंस बरकरार, इंग्लैंड ने बनाई खास रणनीति

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 05:33 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच शनिवार (4 जुलाई) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। भले ही उनका अंतरराष्ट्रीय डेब्यू अब तक नहीं हुआ हो, लेकिन इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने साफ कर दिया है कि मेजबान टीम ने इस युवा बल्लेबाज के लिए पहले से रणनीति तैयार कर रखी है।

वैभव की बल्लेबाजी से सतर्क इंग्लैंड

सैम करन ने माना कि वैभव सूर्यवंशी इस समय अपने करियर की शानदार फॉर्म में हैं। आईपीएल 2026 में उनके विस्फोटक प्रदर्शन ने पूरी क्रिकेट दुनिया का ध्यान खींचा है। हालांकि करन का कहना है कि अगर वैभव दूसरे टी20 में डेब्यू करते हैं तो इंग्लैंड के गेंदबाज उनके खिलाफ पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।

करन ने कहा कि इंग्लैंड की पिचें भारत से काफी अलग होती हैं। यहां की सतह अपेक्षाकृत धीमी है और यह युवा बल्लेबाज के लिए बिल्कुल नई चुनौती होगी। उन्होंने कहा, 'हमने उनके खिलाफ अपनी रणनीति तैयार की है, लेकिन वह जिस बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखते हुए यह देखना दिलचस्प होगा कि हमारी योजनाएं कितनी सफल रहती हैं।'

'भारत के लिए खेलना सबसे बड़ी चुनौती'

आईपीएल का लंबा अनुभव रखने वाले सैम करन का मानना है कि वैभव के लिए असली चुनौती सिर्फ इंग्लैंड की गेंदबाजी नहीं, बल्कि भारत के लिए खेलने का दबाव होगा। उन्होंने कहा कि भारत में क्रिकेटरों पर उम्मीदों का बोझ बहुत बड़ा होता है और इतने कम उम्र के खिलाड़ी के लिए उस दबाव को संभालना आसान नहीं होता। करन के मुताबिक, वैभव के पास अच्छा सपोर्ट सिस्टम जरूर होगा, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ही किसी खिलाड़ी के असली धैर्य और मानसिक मजबूती की परीक्षा होती है।

डेब्यू पर अब भी सस्पेंस बरकरार

वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन अब तक उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है। आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वह बेंच पर बैठे रहे, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। दूसरी ओर, सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन लगातार रन बनाने में नाकाम रहे हैं। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसक और कई पूर्व खिलाड़ी वैभव को मौका देने की मांग कर रहे हैं। हालांकि भारतीय टीम प्रबंधन ने अब तक इस पर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है।

आईपीएल 2026 में मचाया था धमाल

बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए, उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। इस दौरान उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतक लगाए तथा सीजन का ऑरेंज कैप भी अपने नाम किया। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ओल्ड ट्रैफर्ड में उन्हें आखिरकार भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News