IND vs NZ : वरुण चक्रवर्ती को 5 विकेट, न्यूजीलैड से जीता भारत, अब सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला

punjabkesari.in Sunday, Mar 02, 2025 - 09:49 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : वरुण चक्रवर्ती के 5 विकेट की मदद से भारतीय टीम ने दुबई के मैदान पर न्यूजीलैंड को ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में 44 रन से हरा दिया। इसी के साथ भारतीय टीम अब अपने ग्रुप में पहले स्थान पर आ गई है जिससे उनका सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के साथ मुकाबला तय हो गया है। मैच में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए श्रेयस अय्यर के 79, अक्षर पटेल के 42 तो हार्दिक पांड्या के 45 रन की बदौलत 249 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी न्यूजीलैंड की ओर से केवल केन विलियमसन ही सर्वाधिक 81 रन बना पाए। बाकी अन्य बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना पाए जिससे भारतीय टीम को शानदार जीत मिली। भारतीय स्पिनर वरुण वक्रवर्ती ने 42 रन देकर 5 विकेट लिए। 

 

 

भारत : 249/9 (50)

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुभमन गिल दूसरे तो रोहित शर्मा (15) छठे ओवर में आऊट हो गए। 9वें ओवर में मैट हेनरी ने विराट कोहली (11) का विकेट निकाल दिया जिससे भारत का स्कोर 30 पर 3 विकेट हो गया। इसी दौरान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल साथ जुटे। दोनों ने 98 रनों की साझेदारी की। अक्षर पटेल ने 42 रन बनाए। श्रेयस 37वें ओवर में विलियम ओरूकी का शिकार हुए। उन्होंने 98 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 79 रन बनाए। इसके बाद के एल राहुल 23 तो रवींद्र जाडेजा 16 रन बनाकर आऊट हो गए। हार्दिक पंड्या ने 45 गेंदों में 4 चौके और दो छक्के लगाते हुए 45 रन की पारी खेली और स्कोर 249 तक पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने 5 विकेट लिए। 

 

 

यह भी पढ़ें:-  चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की 4 सेमीफाइनलिस्ट हुई फाइनल, विश्व कप 2023 जैसी बनेगी स्थिति

 

 

 

यह भी पढ़ें:-  IND vs NZ : जेब में KKR की निशानी लाए वरुण चक्रवर्ती और चटका ली कीवी ओपनर की विकेट

 

 

 

यह भी पढ़ें:-  चैंपियंस ट्रॉफी : पहले नंबर पर न्यूजीलैंड, आखिरी पर पाकिस्तान, क्लीन कैच की लिस्ट देखें

 

 

न्यूजीलैंड :  205 (45.3 ओवर)

न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही। रचिन रवींद्र महज 6 रन बनाकर हार्दिक का शिकार हो गए। 12वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने विल यंग की विकेट निकाली। क्रीज के एक कोने पर खड़े केन विलियमसन ने अर्धशतक लगाया। इस दौरान डेरिल मिचेल 17, टॉम लैथम 14 तो ग्लेन फिलिप्स 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। माइकल ब्रेसवेल ने भी 2 ही रन बनाए। वह वरुण वक्रवर्ती का तीसरा शिकार बने। केन विलियमसन न्यूजीलैंड के लिए एकमात्र उम्मीद थी लेकिन वह 81 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार हो गए। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने पहले खतरनाक नजर आ रहे मिचेल सेंटनर को बोल्ड किया तो उसके बाद मैट हेनरी का विकेट निकाल दिया। इसी के साथ वरुण ने पारी में 5 विकेट पूरे कर लिए। इसके बाद कुलदीप ने विलियम को बोल्ड कर भारतीय टीम को जीत दिला दी। न्यूजीलैंड 205 रन पर सिमटी और भारत को 44 रन से जीत हासिल हुई।

 


 

प्लेइंग 11 

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती 

न्यूजीलैंड : विल यंग, ​​रचिन रवींद्र, केन विलियमसन, डेरिल मिशेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, विलियम ओरोर्के


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News