IND vs PAK: पाकिस्तानी गेंदबाज की भारत को चेतावनी, उन पर ज्यादा दबाव होगा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 12:28 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक ने भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले बड़ा बयान दिया है। अमेरिका के खिलाफ डेब्यू मैच में तीन विकेट लेने वाले तारिक का मानना है कि भारत पर अतिरिक्त दबाव रहेगा। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वह मीडिया में चल रही चर्चाओं से खुद को दूर रख रहे हैं और सिर्फ अपने खेल पर ध्यान दे रहे हैं।

डेब्यू में तीन विकेट, बढ़ा आत्मविश्वास

10 फरवरी को कोलंबो में अमेरिका के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू में तारिक ने 3 विकेट लेकर प्रभाव छोड़ा। उनकी गेंदबाजी को समझना अमेरिकी बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहा और पाकिस्तान ने मुकाबला 32 रन से जीत लिया। यह ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान की लगातार दूसरी जीत थी।

भारत पर दबाव की बात

15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। इस मुकाबले से पहले तारिक ने कहा: 'मेरा मानना है कि उन पर (भारत पर) अतिरिक्त दबाव होगा। जिस तरह से इन बातों पर चर्चा हो रही है, उससे लगता है कि शायद उन पर ज्यादा प्रेशर होगा। लेकिन मैं इन सब चीजों पर ध्यान नहीं देता। मैं सिर्फ अपने खेल और अभ्यास पर फोकस कर रहा हूं।' तारिक ने कहा कि वह मीडिया में क्या चल रहा है, इससे खुद को अलग रख रहे हैं।

 हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर बेफिक्र

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पाकिस्तान पर पलड़ा भारी रहा है। आठ मुकाबलों में से भारत ने सात जीते हैं। पाकिस्तान की इकलौती जीत 2021 में आई थी।

हालांकि तारिक ने इस रिकॉर्ड को ज्यादा अहमियत नहीं दी। उन्होंने कहा: 'अगर रिकॉर्ड देखना है तो शुरुआत से देखना चाहिए। कई बड़े मुकाबले हमने भी जीते हैं। हमारे लिए अगला मैच सिर्फ एक और मैच है। हर मैच में हमें अपना सर्वश्रेष्ठ देना है और वर्ल्ड कप जीतकर इसे यादगार बनाना है। ज्यादा हाइप दिमाग में रखने से बेहतर है कि चीजों को सरल रखा जाए और प्लान पर टिके रहें।'

अमेरिका के खिलाफ कैसे बदला मैच?

कप्तान सलमान आगा ने तारिक को 12वें ओवर में गेंद थमाई, जब रन रेट बढ़ रहा था। तारिक ने बल्लेबाजों को बांधे रखा और आवश्यक रन रेट लगातार ऊपर जाता रहा। कुछ चौके-छक्के लगने के बावजूद मैच अमेरिका की पकड़ से फिसल चुका था। अंततः पाकिस्तान ने 32 रन से जीत दर्ज की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News