WI vs PAK : लगातार 5 मेडन ओवर और पांच विकेट, वेस्टइंडीज के गेंदबाज ने रच दिया इतिहास
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 11:40 AM (IST)
पोर्ट ऑफ स्पेन : वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया हैं। वे ऐसे पहले गेंदबाज बन गए हैं (जब से पूरे रिकॉर्ड उपलब्ध हैं) जिन्होंने लगातार पांच विकेट-मेडन ओवर फेंके हैं। ग्रीव्स ने यह कमाल त्रिनिदाद में पाकिस्तान के खिलाफ पहले ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप टेस्ट के तीसरे दिन लंच से पहले और बाद के उस स्पेल में किया, जिसने मैच का रुख ही बदल दिया, इस दौरान उन्होंने मेहमान टीम की बल्लेबाजी लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया।
इस स्पेल के साथ ही ग्रीव्स ने टेस्ट क्रिकेट में पहली बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कमाल भी किया। उन्होंने लगातार चार विकेट-मेडन ओवर के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया जो इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने जनवरी 2016 में जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था।
ग्रीव्स ने कहा कि इस स्पेल के दौरान उन्होंने अपनी रणनीति सरल रखी और वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेस की सलाह मानी। ग्रीव्स ने कहा, 'जब मैं गेंदबाजी करने आया, तो कप्तान रोस्टन चेस ने बस इतना कहा कि 'जो तुम कर रहे हो, उसमें अनुशासन बनाए रखो' और देखो कि क्या मैं टीम के लिए कुछ विकेट ले सकता हूं। गेंद हरकत कर रही थी और मुझे उसका इनाम भी मिला। जब भी गेंद मेरे हाथ में होती है, टीम मुझसे उम्मीद करती है कि मैं उनके लिए एक भरोसेमंद खिलाड़ी साबित होऊं और मुश्किल हालात से टीम को बाहर निकालने की कोशिश करूं।' उन्होंने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेकर मैं वाकई बहुत खुश हूं, लेकिन खेल में अभी भी बहुत कुछ करना बाकी है।'
शान मसूद के शतक पूरा करने और टीम के 244/3 के स्कोर तक पहुंचने के बाद पाकिस्तान पहली पारी में बड़ी बढ़त बनाने की मजबूत स्थिति में दिख रहा था। हालांकि ग्रीव्स ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान को आउट करके टीम की पारी को लड़खड़ाने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ने लगातार ओवरों में बिना कोई रन दिए आमिर जमाल, अली उस्मान और मोहम्मद रिजवान को आउट किया जिससे मेजबान टीम के 311 रनों के जवाब में लंच तक पाकिस्तान का स्कोर 267/8 हो गया और टीम मुश्किल में पड़ गई।
ब्रेक के बाद भी ग्रीव्स का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने अपने शुरुआती ओवर में मोहम्मद अब्बास को विकेट के पीछे कैच आउट कराकर लगातार पांच मेडन ओवर और पांच विकेट पूरे किए। अनुभवी दाएं हाथ के गेंदबाज की शानदार सीम बॉलिंग के कारण पाकिस्तान की टीम आखिरकार 282 रनों पर ऑलआउट हो गई। हालांकि खेल खत्म होने से पहले पाकिस्तान ने वापसी की और वेस्टइंडीज का स्कोर 126/7 कर दिया, जिससे उनकी कुल बढ़त 155 रनों तक ही सीमित रह गई। चौथे दिन शमार जोसेफ (22 रन पर नाबाद) और केमार रोच (5 रन) अपनी पारी आगे बढ़ाएंगे।

