IND vs SA : अक्षर पटेल को बाहर करने पर भड़के भारतीय दिग्गज, टीम मैनेजमेंट के फैसले पर उठाए कड़े सवाल
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 03:56 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में 22 फरवरी को अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से करारी हार झेलनी पड़ी।
इस मैच में टीम इंडिया ने बड़ा फैसला लेते हुए उपकप्तान Axar Patel को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा और उनकी जगह Washington Sundar को मौका दिया। यह बदलाव टीम पर भारी पड़ता नजर आया, जिसके बाद चयन पर सवाल उठने लगे हैं।
अजिंक्य रहाणे का तीखा बयान
भारतीय दिग्गज बल्लेबाज Ajinkya Rahane ने इस फैसले पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि अक्षर जैसे अनुभवी खिलाड़ी को इतने अहम मुकाबले से बाहर रखना समझ से परे है।
रहाणे ने कहा, 'मैं काफी हैरान हूं कि अक्षर पटेल नहीं खेले। समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है। वॉशिंगटन सुंदर एक क्वालिटी खिलाड़ी हैं, इसमें कोई दो राय नहीं। लेकिन अक्षर अलग-अलग परिस्थितियों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं। मुझे लगता है जब आप सिलेक्शन में ज्यादा स्मार्ट बनने की कोशिश करते हैं तो उसका नुकसान भी हो सकता है।'
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजी क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों को ध्यान में रखकर सुंदर को शामिल किया गया था, तो उनसे सिर्फ दो ओवर ही क्यों कराए गए?
सुंदर का फीका प्रदर्शन
वॉशिंगटन सुंदर इस बड़े मुकाबले में प्रभाव नहीं छोड़ सके। गेंदबाजी में उन्होंने दो ओवर डाले और विकेट हासिल नहीं कर पाए। बल्लेबाजी में भी वे कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके। ऐसे में टीम मैनेजमेंट का फैसला बैकफायर करता नजर आया।
शानदार फॉर्म में थे अक्षर पटेल
अक्षर पटेल इस टूर्नामेंट में अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। तीन मैचों में उन्होंने छह विकेट लिए थे और टीम को अहम मौकों पर सफलता दिलाई थी।
हालांकि बल्लेबाजी में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन वे तेजतर्रार अंदाज में रन बनाने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा बतौर उपकप्तान उनकी मौजूदगी टीम को नेतृत्व और संतुलन दोनों देती।
जिम्बाब्वे के खिलाफ वापसी?
अब सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत जरूरी है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि टीम मैनेजमेंट अक्षर पटेल को फिर से प्लेइंग इलेवन में शामिल करने पर विचार कर सकता है।
सुपर-8 की इस हार के बाद चयन रणनीति पर बहस तेज हो गई है और देखना होगा कि अगले मैच में टीम किस संयोजन के साथ उतरती है।

