IND vs ZIM: जीत की राह पर लौटने उतरेगी टीम इंडिया, श्रेयस अय्यर की कप्तानी की अग्निपरीक्षा
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 02:29 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड दौरे की निराशा को पीछे छोड़ते हुए भारतीय टीम अब जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में नई शुरुआत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में यह सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि वह अब तक बतौर कप्तान लगातार खराब नतीजों का सामना कर चुके हैं।
श्रेयस अय्यर के सामने पहली टी20 सीरीज जीत की चुनौती
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर सात टी20 मुकाबले खेले, लेकिन टीम एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी। ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ यह सीरीज उनके लिए कप्तान के तौर पर पहला बड़ा मौका है। दूसरी ओर मेजबान टीम हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर आत्मविश्वास से भरी हुई है।
वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी नजरें
15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर आकर्षण का केंद्र होंगे। वैभव अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं, क्योंकि संजू सैमसन इस दौरे का हिस्सा नहीं हैं। हरारे का मैदान वैभव के लिए बेहद खास है। इसी मैदान पर उन्होंने इस साल फरवरी में अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़कर भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं अभिषेक शर्मा ने भी इसी मैदान पर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक लगाया था।
हरारे की पिच पर तेज गेंदबाज बन सकते हैं चुनौती
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को अच्छी मदद मिलती है। ऐसे में ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगरावा की तेज गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकती है। भारतीय बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में संभलकर खेलना होगा।
प्लेइंग इलेवन को लेकर कई सवाल
टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऑलराउंडर संयोजन को लेकर है। शिवम दुबे, हर्ष दुबे और सूर्यांश शेडगे में से किसे मौका मिलेगा, इस पर फैसला आसान नहीं होगा। वहीं तेज गेंदबाजी विभाग में मयंक यादव और प्रिंस यादव का खेलना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में यश ठाकुर और आशीष शर्मा में मुकाबला है।
दोनों टीमों की संभावित टीम
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, रवि बिश्नोई, मयंक यादव, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, आशीष शर्मा, प्रभसिमरन सिंह।
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तडीवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगरावा, न्यूमैन न्यामहुरी, मिल्टन शुम्बा, तफाद्जवा त्सिगा।
मैच कब और कहां?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहला टी20 मुकाबला 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा।

