IND vs ZIM: दूसरे टी20 में दोनों टीमों ने क्यों बांधी काली पट्टी? सामने आई भावुक वजह

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 06:32 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और जिम्बाब्वे के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ी काली पट्टी (ब्लैक आर्मबैंड) बांधकर मैदान पर उतरे। खिलाड़ियों ने यह श्रद्धांजलि जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड (ZC) के पूर्व उपाध्यक्ष सिल्वेस्टर मत्शाका के सम्मान में दी, जिनका 24 जुलाई को 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

सिल्वेस्टर मत्शाका जिम्बाब्वे क्रिकेट प्रशासन के सबसे सम्मानित चेहरों में गिने जाते थे। वह वर्ष 2006 में जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड से जुड़े और 2015 तक उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दीं। लगभग दो दशकों तक उन्होंने देश में क्रिकेट के विकास और प्रशासन को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई।

उनके निधन पर जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष टावेंगवा मुकुहलानी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मत्शाका सिर्फ एक प्रशासक नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेता, भरोसेमंद सलाहकार और सच्चे मित्र थे। उनका शांत स्वभाव, निष्पक्ष फैसले और खेल के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।

मुकुहलानी ने यह भी कहा कि सिल्वेस्टर मत्शाका का योगदान केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं था। उन्होंने शिक्षा और युवा खेलों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी प्रेरणा से कई युवा खिलाड़ियों का भविष्य संवारने में मदद की। उनका जाना जिम्बाब्वे के खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

मैच की बात करें तो जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए तेज गेंदबाज यश ठाकुर को डेब्यू का मौका दिया, जबकि अशोक शर्मा को बाहर बैठना पड़ा।

प्लेइंग 11

भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, मयंक यादव।

जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, बेन करन, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रियान बर्ल, वेस्ली माधेवेरे, तादीवानाशे मारूमानी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड एनगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News