ऑस्ट्रेलिया से पांचवां टेस्ट भी हारा भारत, श्रृंखला में सूपड़ा साफ

punjabkesari.in Saturday, Apr 13, 2024 - 05:12 PM (IST)

पर्थ : भारतीय पुरूष हॉकी टीम को पांचवें और आखिरी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 3.2 से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 5.0 से जीत ली। पिछले चार मैचों में भारत को 1.5, 2.4, 1.2, 1.3 से पराजय का सामना करना पड़ा था। पेरिस ओलंपिक की तैयारी के लिए यह दौरा काफी महत्वपूर्ण था। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (चौथा मिनट) और बॉबी सिंह धामी (53वां मिनट) ने गोल दागे। ऑस्ट्रेलिया के लिए जेरेमी हैवर्ड (20वां), के विलोट (38वां) और टिम ब्रांड (39वां) ने गोल किए। 

भारत ने मैच में आक्रामक शुरूआत की। जुगराज सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई हाफ में जरमनप्रीत सिंह को गेंद सौंपी लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाए। भारत को चौथे मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके कामयाबी दिलाई। हरमनप्रीत का यह श्रृंखला में तीसरा गोल था। ऑस्ट्रेलिया ने 20वें मिनट में हैवर्ड के गोल के दम पर बराबरी की। भारत के रिजर्व गोलकीपर सूरज करकेरा ने नाथन ई के शॉट पर मुस्तैदी से गोल बचाया। 

हाफटाइम के बाद ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन सूरज करकेरा ने गोल बचाया। भारत को 37वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत का निशाना चूक गया। ऑस्ट्रेलिया ने एक मिनट बाद विलोट के गोल के दम पर बढ़त बना ली। इसके एक मिनट बाद ब्रांड ने एडी ओकेंडेन के पास पर तीसरा गोल भी दाग दिया। भारत को 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन अमित रोहिदास गोल नहीं कर सके। 

मेजबान टीम को मिले दो पेनल्टी कॉर्नर को भारतीय डिफेंस ने बचाया। भारत के लिए दूसरा गोल धामी ने आखिरी सीटी बजने से सात मिनट पहले रिवर्स हिट पर दागा। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल था। इसके बाद हालांकि आस्ट्रेलियाई डिफेंडरों ने कोई गलती नहीं की और भारत बराबरी का गोल नहीं दाग सका। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News