IND vs USA, T20 World Cup 2026 : भारत ने जीता पहला मैच, अमेरिका को 29 रनों से दी मात

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 10:53 PM (IST)

मुंबई : आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। शनिवार (7 फरवरी) को खेले गए मैच नंबर-3 में टीम इंडिया ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) को 29 रनों से शिकस्त दी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए, जिसके जवाब में अमेरिकी टीम 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।

सूर्यकुमार यादव का अकेला शो

भारतीय जीत की सबसे बड़ी कहानी कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे, जिन्होंने मुश्किल हालात में पारी संभाली और नाबाद 84 रन जड़ दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। टॉप ऑर्डर के लगातार गिरने के बावजूद सूर्या अंत तक टिके रहे और भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

टॉप ऑर्डर लड़खड़ाया, मिडिल ऑर्डर भी फेल

भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन पावरप्ले के आखिरी ओवर में शैडली वान शल्कविक ने मैच पलट दिया। एक ही ओवर में ईशान, तिलक और शिवम दुबे के विकेट गिर गए और भारत का स्कोर 46/4 हो गया। इसके बाद रिंकू सिंह और हार्दिक पंड्या भी कुछ खास नहीं कर सके। 77 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला। अक्षर के आउट होने के बाद सूर्या ने गियर बदला और तेजी से रन बटोरते हुए अपनी फिफ्टी पूरी की।

सिराज की धमाकेदार वापसी

162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम की उम्मीदों पर मोहम्मद सिराज ने शुरुआती ओवरों में ही पानी फेर दिया। उन्होंने दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर दबाव बना दिया। कप्तान मोनांक पटेल भी बिना खाता खोले लौटे। बीच में मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने साझेदारी कर USA को संभालने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही स्पिनर्स आए, मैच भारत के पक्ष में झुक गया। अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने अहम विकेट झटके, जबकि सिराज ने वापसी करते हुए कुल तीन विकेट चटकाए।

गेंदबाजी में भारत का दबदबा

  • मोहम्मद सिराज: 3 विकेट
  • अक्षर पटेल: 2 विकेट
  • अर्शदीप सिंह: 2 विकेट

USA की ओर से संजय कृष्णमूर्ति ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत के करीब नहीं ले जा सकी।

बिना बुमराह के भी मजबूत दिखी टीम इंडिया

इस मुकाबले में भारत ने जसप्रीत बुमराह को आराम दिया, जो वायरल फीवर के कारण प्लेइंग-11 में शामिल नहीं थे। संजू सैमसन, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर को भी मौका नहीं मिला। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन को सौंपी गई।

ये थी दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत : इशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
अमेरिका : सैतेजा मुक्कमल्ला, एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News