भारतीय एथलीट बसंत मेघवाल ने रचा इतिहास, अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में ऊंची कूद में जीता रजत

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 11:41 AM (IST)

यूजीन (अमेरिका) : भारत के युवा एथलीट बसंत कुमार मेघवाल ने विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। 19 वर्षीय मेघवाल ने 2.21 मीटर की छलांग लगाकर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और भारत को प्रतियोगिता में दूसरा पदक दिलाया।

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती शहर अनूपगढ़ के रहने वाले मेघवाल ने शनिवार को चैंपियनशिप के चौथे दिन यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस शानदार छलांग ने उन्हें पोडियम पर पहुंचाया और भारत के पदकों की संख्या दो हो गई।

तीनों पदक विजेताओं ने 2.21 मीटर तक लगाई छलांग

ऊंची कूद में अल्जीरिया के यूनेस अयाची ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत के बसंत मेघवाल को रजत और ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल को कांस्य पदक मिला। दिलचस्प बात यह रही कि तीनों एथलीट 2.21 मीटर तक ही छलांग लगा सके और 2.24 मीटर की ऊंचाई पार करने में नाकाम रहे। इसके बाद पदकों का फैसला पिछली ऊंचाई को पार करने में किए गए प्रयासों की संख्या के आधार पर हुआ। अयाची ने 2.21 मीटर की ऊंचाई अपने पहले प्रयास में पार की, जबकि मेघवाल ने दूसरे प्रयास और पूल ने तीसरे प्रयास में यह मुकाम हासिल किया। इसी आधार पर मेघवाल को रजत पदक मिला।

चोट और चुनौतियों के बाद शानदार वापसी

बसंत मेघवाल का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को बेहतर करते हुए विश्व स्तर के मंच पर पदक हासिल किया। 2.21 मीटर की छलांग उनके लिए नई व्यक्तिगत उपलब्धि है और आने वाले समय में भारतीय एथलेटिक्स के लिए उनकी उम्मीदें बढ़ा रही है।

आशीष यादव ने भी जीता था रजत

इससे पहले प्रतियोगिता के तीसरे दिन भारत के आशीष यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का खाता खोला था। अब बसंत मेघवाल के सिल्वर मेडल के साथ भारत ने विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में अपने पदकों की संख्या दो कर ली है। दोनों युवा एथलीटों के प्रदर्शन ने भारतीय एथलेटिक्स के लिए इस चैंपियनशिप को खास बना दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishika Jain

Related News