भारत के स्कीट निशानेबाज ISSF विश्व कप शॉटगन में फाइनल में जगह बनाने में नाकाम
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 06:40 PM (IST)
अल्माटी (कजाखस्तान) : भारतीय स्कीट निशानेबाजों ने मंगलवार को यहां ISSF विश्व कप शॉटगन में निराश किया जब पुरुषों और महिलाओं दोनों ही वर्ग वे फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे। ओलंपियन मैराज अहमद खान और रेजा ढिल्लों भारतीय निशानेबाजों में शीर्ष पर रहे। सोमवार को 75 में से 71 का स्कोर बनाकर दूसरे दिन की शुरुआत 26वें स्थान से करने वाले मैराज ने अंतिम दो सीरीज में 23 और 25 का स्कोर किया। वह कुल 119 अंक के साथ क्वालीफिकेशन चरण में 18वें स्थान पर रहे।
रैंकिंग अंकों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे भवतेग सिंह गिल भी 119 अंक (24, 24, 23, 24, 24) के साथ मैराज से एक स्थान नीचे 19वें पायदान पर रहे। ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरूका ने चौथी सीरीज की शुरुआत पूरे 25 अंक के साथ की लेकिन अगली सीरीज में 23 अंक से कुल 117 अंक के साथ 38वां स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में तीसरे भारतीय निशानेबाज राष्ट्रीय चैंपियन गुरजोत सिंह खंगुरा ने अपनी अंतिम दो सीरीज में 22 और 23 का स्कोर किया। वह 115 अंक के साथ 54वें स्थान पर रहे। रैंकिंग अंकों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे अभय सिंह सेखों ने चौथी और पांचवीं सीरीज में 23 और 20 का स्कोर किया। वह कुल 113 अंक के साथ 71वें स्थान पर रहे।
महिलाओं के वर्ग में पहले दिन के बाद नौवें स्थान पर चल रही गनेमत सेखों अंतिम दो सीरीज में 22 और 20 के खराब स्कोर से कुल 112 अंक के साथ 33वें स्थान पर खिसक गईं। रेजा ढिल्लों ने 115 अंक (22, 23, 24, 23, 23) के साथ 17वां स्थान हासिल किया। परिनाज धालीवाल आखिरी दो सीरीज में 24 और 22 के स्कोर से कुल 112 अंक से 32वें स्थान पर रहीं। रैंकिंग अंक के लिए मुकाबला कर रहीं वंशिका तिवारी और रश्मि राठौड़ क्रमशः 112 और 102 अंक के साथ 29वें और 47वें स्थान पर रहीं।

