अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम का ऐलान, तीन नए खिलाड़ियों को मिली जगह
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 04:36 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा हो गई है। BCCI ने मंगलवार को 13 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें ऋषभ पंत को भारत के उप-कप्तान पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह केएल राहुल को उप-कप्तान बनाया गया है। हालांकि पंत को टीम से बाहर नहीं किया गया है जबकि शुभमन गिल कप्तानी में रहेंगे।
पंत टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर बने रहेंगे जबकि टीम में तीन नए खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। इनमें पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार के साथ-साथ साई सुदर्शन और नीतीश कुमार रेड्डी शामिल हैं। भारत ने अपनी टीम में युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा तालमेल बनाए रखा है। तेज गेंदबाजी की कमान मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा संभालेंगे, जबकि स्पिन विभाग में वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और मानव सुथार शामिल हैं।
साई सुदर्शन और नीतीश कुमार रेड्डी ने घरेलू क्रिकेट और 'इंडिया ए' टीम में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है। वहीं यशस्वी जायसवाल के साथ-साथ देवदत्त पडिक्कल को भी बल्लेबाजी क्रम में शामिल किया गया है। पंत के साथ-साथ ध्रुव जुरेल को टीम में दूसरे विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ यह टेस्ट मैच ऐसे समय में खेला जा रहा है, जब सीनियर खिलाड़ियों के 'वर्कलोड मैनेजमेंट' (काम के बोझ के प्रबंधन) को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इसी के चलते इस मुकाबले के लिए कई बड़े और स्थापित खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम:
शुबमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़।

