IPL 2023 : मुंबई इंडियंस को सीजन में 5 बार मिला 200+ टारगेट, मुख्य गेंदबाज की खोज अभी भी जारी
punjabkesari.in Wednesday, May 10, 2023 - 12:25 AM (IST)

खेल डैस्क : 5 बार आई.पी.एल. खिताब जीत चुकी मुंबई इंडियंस इस सीजन में इतिहास का सबसे खराब गेंदबाजी खेमे के साथ प्रदर्शन कर रही है। मंगलवार को भी मुंबई को आर.सी.बी. से 200 रन का टारगेट मिला। अभी कुछ दिन पहले ही पंजाब ने वानखेड़े में मुंबई को 215 रन का टारगेट दिया था जिसके जवाब में मुंबई 201/6 रन ही बना पाई थी। इसके बाद गुजरात से मिले 208 रन के टारगेट को वह हासिल नहीं कर पाई। फिर राजस्थान से 213 से टारगेट मिला जिस पाने में वह फिर से फेल हो गए। अगले मैच में पंजाब ने दोबारा मुंबई को 215 रन का टारगेट दे दिया जिसे मुंबई ने 7 विकेट से हासिल कर लिया था।
चेन्नई के खिलाफ मुंबई 139 ही बना पाई थी। अब आर.सी.बी. ने एक बार फिर से मुंबई के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 200 का टारगेट दे दिया। यानी सीजन में 5वीं बार मुंबई 200 या इससे ज्यादा का स्कोर चेज कर रही है जोकि खिताब जीतने की उम्मीद कर रही किसी भी टीम के लिए बुरे सपने की तरह है। मुंबई अभी तक अपने मुख्य गेंदबाज के लिए संघर्ष कर रहा है। जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के चलते जोफ्रा ऑर्चर पर भरोसा किया लेकिन वह भी खराब प्रदर्शन के चलते स्वदेश लौट गए।
ऑर्चर की जगह जिस क्रिस जॉर्डन को टीम में शामिल किया गया उसने भी पहले ही मैच में 48 रन लुटा दिए। हालत इतने बुरे हैं कि कप्तान रोहित को दूसरा ही ओवर अपने स्पिनर पीयुष चावला को सौंपना पड़ा। टीम में कुमार कार्तिकेय और आकाश मधवाल को मौका दिया गया जिन्हें आई.पी.एल. का नमात्र अनुभव है। ऊपर से रोहित का बल्लेबाजी संघर्श भी मुंबई प्रबंधन की चिंता बढ़ा रहा है।
बहरहाल, मुंबई ने आरसीबी द्वारा दिए गए 200 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य हासिल करने के बाद रोहित ने कहा- यह एक अच्छी पिच थी। अगर आप अच्छा खेलते हैं तो रन बना सकते हैं। सूर्य, ईशान, नेहल अच्छा खेले। उन्हें 200 से कम पर रोकना अच्छा प्रयास था। स्कोर 220 तक भी जा सकता था। पिछले 4 बार मैचों में 200 से अधिक का स्कोर चेज कर रहे हैं। देख रहा हूं कि अधिकांश टीमें जोखिम उठा रही हैं और सफलता हासिल कर रही हैं। बल्लेबाजों की कुछ खास करने की मानसिकता सफलता दिला रही है।