LSG vs SRH : हैदराबाद की सीजन में चौथी जीत, लखनऊ को किया प्लेऑफ की रेस से बाहर
punjabkesari.in Monday, May 19, 2025 - 11:31 PM (IST)

खेल डैस्क : ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में पहुंचने में असफल हो गई है। एकाना स्टेडियम में करो या मरो वाले मैच में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट से धूल चटा दी। लखनऊ ने पहले खेलते हुए मिशेल मार्श के 65, ऐडन मारक्रम के 61 तो निकोल्स पूरन के 45 रनों की बदौलत 205 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा की अर्धशतक पारी की बदौलत तेज शुरूआत की। ईशान किशन और हेररिक क्लासेन ने भी उम्दा पारियां खेलीं जिसके चलते 19वें ओवर में हैदराबाद के हाथ जीत लग गई।
अंक तालिका : लखनऊ भी हुई प्लेऑफ की रेस से बाहर
प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए लखनऊ को यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी था लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। अब लखनऊ के 12 मैचों में 10 ही अंक रह गए हैं। आगामी दो मुकाबले जीतकर भी वह 14 अंक तक ही पहुंच पाएंगे। हैदराबाद पहले से ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हैं। उन्होंने 12 मैचों में अपनी चौथी जीत दर्ज की है। बीते दिनों ही गुजरात, आरसीबी और पंजाब ने एक साथ प्लेऑफ के लिए कदम बढ़ाया था। अब एक दिन बाद ही लखनऊ भी बाहर हो गई है। अंक तालिका में अब चौथा स्थान पाने के मुंबई और दिल्ली के बीच मंगलवार को मुकाबला होना है। जो हारा, वो भी प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो जाएगा।
यह भी पढ़ें:- शादी के पहले 6 महीने में हम 21 दिन ही साथ रहे : अनुष्का शर्मा
यह भी पढ़ें:- LSG vs SRH मैच बना युद्ध का अखाड़ा, अभिषेक-दिग्वेश में हाथापाई की नौबत आई
यह भी पढ़ें:- LSG vs SRH : हर्षल पटेल के 150 विकेट, मलिंगा का बड़ा रिकॉर्ड टूटा
लखनऊ सुपर जायंट्स : 205/7 (20 ओवर)
लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श के साथ ऐडन मारक्रम ओपनिंग के लिए आए। उन्होंने हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। मार्श एक बार फिर से अर्धशतक जमाने में सफल रहे। लखनऊ ने 9 ओवर में ही 100 रन बना लिए थे। मार्श ने 39 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 65 रन बनाए तो वहीं, ऐडन मारक्रम ने 38 गेंदों पर 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत ने मलिंगा की गेंद पर आऊट होने से पहले 7 रन बनाए। आयुष बदोनी सिर्फ तीन ही रन बना पाए। तभी निकोल्स पूरन ने एक छोर संभाला और कुछ अच्छी हिट लगाईं। उन्होंने रन आऊट होने से पहले 26 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 45 रन बनाए और स्कोर 205 तक पहुंचा दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद : 206-4 (18.2 ओवर)
हैदराबाद के लिए ओपनिंग पर अथर्व तायड़े के साथ अभिषेक शर्मा आए। अथर्व 9 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 13 रन बनाकर आऊट हो गए। तभी अभिषेक ने ताबड़तोड़ हिटिंग जारी रखी। उन्होंने 18 गेंदों पर ही पांच छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। अभिशेक ने रवि बिश्नोई को लगातार 4 गेंदों पर छक्के भी जड़े। ईशान किशन भी उनका साथ देने के लिए क्रीज पर डटे रहे। अभिषेक 20 गेंदों पर 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। आऊट होने पर उनकी दिग्वेश राठी के साथ बहस भी हुई। ईशान किशन ने भी 28 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 35 रन बनाए। इस दौरान हेनरिक क्लासेन भी लय में दिखे। क्लासेन ने 28 गेंदों पर 47 रन बनाए तो वहीं, मेंडिस 21 गेंदों पर 32 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। आखिर में रेड्डी ने अच्छे शॉट लगाए और हैदराबाद को जीत तक पहुंचा दिया।
इससे पहले टॉस जीतकर हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि हम जानना चाहते हैं कि हम किसका पीछा कर रहे हैं। कभी नहीं पता कि विकेट क्या करेगा। हम अपनी क्षमता के अनुसार नहीं खेले हैं और उस तक पहुंचना चाहते हैं। कुछ चोटों ने नए खिलाड़ियों को कुछ मौके दिए हैं। हमारे पास कुछ अधूरे काम हैं। टीम शानदार रही है, लेकिन हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। हेड अपने होटल के कमरे में हैं। उनादकट निजी कारणों से हैं। ताइडे और हर्ष दुबे आए हैं।
लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि कोई भी (बल्लेबाजी या गेंदबाजी) करने में कोई आपत्ति नहीं है। हम एक बार में एक मैच खेलना चाहते हैं और अपना 100 फीसदी देना चाहते हैं। कोई अवांछित दबाव नहीं है, यह हमेशा रहता है। टीम ने वास्तव में अच्छी तरह से फिर से संगठित किया है और वे अच्छी स्थिति में हैं। विल ओ'रुर्के अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
हैदराबाद : 1 ईशान किशन (विकेटकीपर), 2 अभिषेक शर्मा, 3 नितीश रेड्डी, 4 हेनरिक क्लासेन, 5 अनिकेत वर्मा, 6 कामिन्दु मेंडिस, 7 पैट कमिंस, 8 हर्षल पटेल, 9 हर्ष दुबे, 10 जीशान अंसारी, 11 ईशान मलिंगा
लखनऊ : 1 एडेन मार्कराम, 2 मिशेल मार्श, 3 निकोलस पूरन, 4 ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), 5 आयुष बडोनी, 6 अब्दुल समद, 8 आकाश दीप, 9 रवि बिश्नोई, 10 दिगवेश राठी, 10 अवेश खान, 11 विल ओ'रूर्के