SRH vs MI : मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी जीत, हैदराबाद को 7 विकेट से हराया
punjabkesari.in Wednesday, Apr 23, 2025 - 10:49 PM (IST)

खेल डैस्क : रोहित शर्मा के शानदार अर्धशतक की वजह से मुंबई इंडियंस ने राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को बुधवार रात 7 विकेट से हरा दिया। यह मुंबई की लगातार चौथी जीत है और उन्होंने अंक तालिका में सीधे तीसरे स्थान पर छलांग लगा दी है। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी थी। हैदराबाद एक समय जो 35 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, ने हेनरिक क्लासेन के 71 तो अभिनव मनोहर के 43 रन की बदौलत 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 143 रन बना लिए। मुंबई के ट्रेंट बोल्ट ने 26 रन देकर 4 विकेट लीं। जवाब में खेलने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा तेजतर्रार अर्धशतक (45 गेंद पर 70 रन) लगाकर खींचकर ले गए। रोहित को विल जैक्स और सूर्यकुमार यादव का भी सहयोग मिला। सूर्यकुमार ने 42 रन बनाए।
अंक तालिका : मुंबई इंडियंस तीसरे स्थान पर
सनराइजर्स हैदराबाद को हराने के साथ ही मुंबई इंडियंस ने अंक तालिका में छठे से सीधे तीसरे स्थान पर एंट्री मार ली। अब मुंबई के 9 मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक हो गए हैं। पहले नंबर पर अभी भी 8 मैचों में छह जीत के साथ गुजरात टाइटंस बनी हुई है जबकि 8 में से 6 मैच जीतकर दिल्ली कैपिटलस दूसरे स्थान पर है। मुंबई ने इस सीजन में कोलकाता के बाद दिल्ली, हैदराबाद, चेन्नई और अब हैदराबाद को लगातार चार मैचों में हराया है। वहीं, हैदराबाद की बुरी फार्म जारी है। उन्होंने सीजन की छठी हार हासिल की। वह अंक तालिका में सिर्फ 4 अंक के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के साथ निचले पायदानों पर बनी हुई है। हैदराबाद को सिर्फ राजस्थान और पंजाब के खिलाफ ही जीत मिली है।
यह भी पढ़ें:- SRH vs MI : ईशान किशन हुए ब्रेन फेड का शिकार ? वाइड गेंद पर छोड़ दी क्रीज
यह भी पढ़ें:- Pahalgam attack : SRH vs MI प्लेयर्स ने मैच से पहले दी पीड़ितों को श्रद्धांजलि
यह भी पढ़ें:- SRH vs MI : जसप्रीत बुमराह के 300 ट्वंटी 20 विकेट पूरे, मलिंगा की बराबरी पर
सनराइजर्स हैदराबाद : 143-8 (20 ओवर)
हैदराबाद की शुरूआत एक बार फिर से खराब रही। दूसरे ही ओवर में ट्रेविस हेड 0 रन पर बोल्ट की गेंद पर आऊट हो गए। तीसरे ओवर में दीपक चाहर ने ईशान किशन को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। हालांकि ईशान आऊट थे या नहीं, इस पर विवाद था लेकिन ईशान ने खुद ही विरोध नहीं किया और चुपचाप पवेलियन लौट गए। चौथे ओवर में बोल्ट ने अभिषेक शर्मा को भी 8 रन पर आऊट कर दिया। इसके बाद नीतीश रेड्डी 2 तो अनिकेत वर्मा 12 रन बनाकर आऊट हो गए। इस तरह हैदराबाद ने 10 ओवर के अंदर ही अपने पांच विकेट गंवा लिए थे। लेकिन हेनरिक ने टीम को संभाला। उन्होंने ताबड़तोड़ शॉट लगाए और 19वें ओवर में बुमराह की गेंद पर आऊट हो गए। हेनरिक ने 44 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 71 रन बनाए। अभिनव मनोहर ने 37 गेंदों पर 2 चौके और तीन छक्कों की मदद से 43 रन बनाए और टीम को 143 स्कोर तक पहुंचा दिया।
मुंबई इंडियंस : 146-3 (15.4 ओवर)
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरूआत खराब रही। दूसरे ही ओवर में रियान रिकेल्टन 11 रन बनाकर उनादकट का शिकार हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने विल जैक्स के साथ मिलकर पावरप्ले में ही मुंबई का स्कोर 50 पार करवाया। रोहित ने इस दौरान शानदार शॉट लगाए। रोहित ने 15वें ओवर में आऊट होने से पहले 46 गेंदों पर 8 चौके और तीन छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने हैदराबाद के गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने बेखौफ बल्लेबाजी की और अपनी टीम को 16वें ओवर में जीत दिला दी। सूर्यकुमार ने 19 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 42 रन बनाए।
टॉस जीतने के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा कि मैं आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहूंगा। हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक अच्छा ट्रैक लग रहा है, हमारे लिए बस एक बदलाव है - अश्विनी की जगह विग्नेश को मौका मिला है। हमें बस अपनी योजनाओं को लागू करने और खेल को यथासंभव सरल बनाने की जरूरत है, ठीक से योजना बनानी होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि हमारे लिए एक बदलाव - जयदेव की जगह शमी को मौका मिला है। यह सकारात्मकता का कारण है, हम इस सतह और मैदान को अच्छी तरह से जानते हैं। हमने इस साल बहुत अच्छी क्रिकेट खेली है। पहलगाम आतंकी हमले पर कमिंस ने कहा कि यह हमारे लिए भी बहुत दुखद रहा है, हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग
सनराइजर्स हैदराबाद : अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (डब्ल्यू), अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (सी), हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, ईशान मलिंगा
मुंबई इंडियंस : रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमरा, विग्नेश पुथुर