IPL 2026: ''मैं गेंद को खेलता हूं, गेंदबाज को नहीं'': वैभव सूर्यवंशी
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 11:52 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : गुवाहाटी में खेले गए IPL 2026 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराकर दमदार जीत दर्ज की। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने 18 ओवर में 4 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सूर्यवंशी का तूफानी प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 78 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 15 गेंदों पर चौके-छक्के आए, जिससे उन्होंने पावरप्ले में ही मैच का रुख बदल दिया।
'मैं गेंद को खेलता हूं, गेंदबाज को नहीं'
मैच के बाद सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, 'मैं बस अपनी ताकत पर भरोसा करता हूं और वही करता हूं जो मैंने प्रैक्टिस में किया है। दिमाग में जरूर रहता है कि सामने कौन गेंदबाज है, लेकिन मैं गेंद को खेलता हूं, गेंदबाज को नहीं।'
बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी
सूर्यवंशी ने भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ भी आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने भुवनेश्वर के ओवर में लगातार चौके लगाए और हेजलवुड के एक ओवर में 19 रन बटोरकर दबाव पूरी तरह RCB पर डाल दिया।
परिवार और कोच का मिला सहारा
युवा बल्लेबाज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता और कोच को दिया। उन्होंने कहा, 'मेरे पिता मुझे लगातार गाइड करते रहते हैं। यहां मेरे गार्जियन रोमी सर हैं। वे हमेशा कहते हैं कि सफर लंबा है, इसलिए मुझे अपने खेल पर ध्यान देना है।'
आउट होने का रहा मलाल
78 रन बनाकर आउट होने के बाद सूर्यवंशी थोड़ा निराश भी नजर आए। उन्होंने कहा, 'अगर मैं क्रीज पर बना रहता, तो हम एक-दो ओवर पहले मैच खत्म कर सकते थे। इसलिए ढीला शॉट खेलकर आउट होना मुझे निराश करता है।'
जुरेल ने दिलाई जीत
सूर्यवंशी के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 81 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। उनकी पारी से राजस्थान ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

