IPL 2026 : KKR ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज को किया बाहर, BCCI के निर्देशों के बाद लिया फैसला

punjabkesari.in Saturday, Jan 03, 2026 - 02:04 PM (IST)

नई दिल्ली : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने पुष्टि की है कि बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देशों के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टीम से रिलीज़ कर दिया गया है। यह फैसला खिलाड़ी के इस कैश-रिच इवेंट में हिस्सा लेने को लेकर चल रहे भारी विवाद और बहस के बीच लिया गया।

फ्रेंचाइजी ने एक बयान में कहा, 'कोलकाता नाइट राइडर्स पुष्टि करता है कि BCCI/IPL, जो IPL का रेगुलेटर है, ने उसे आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। यह रिलीज भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के निर्देश पर उचित प्रक्रिया और सलाह-मशविरे के बाद किया गया है। BCCI IPL नियमों के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की अनुमति देगा और आगे की जानकारी सही समय पर दी जाएगी।' 

इससे पहले शनिवार को BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की थी कि बोर्ड ने तीन बार के चैंपियन से रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने के लिए कहा था और उन्हें एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी खोजने की अनुमति दी थी। उन्होंने बताया, 'BCCI ने KKR को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है, साथ ही फ्रेंचाइजी को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी का नाम देने की भी अनुमति दी है।' 

बांग्लादेश में हिंदू हमलों के बाद फैसला 

यह फैसला दिसंबर में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के सदस्यों के खिलाफ हिंसा की खबरों के बाद लिया गया। इसके अलावा, आलोचकों ने IPL में रहमान की भागीदारी पर अपनी असहमति जताई थी। दिसंबर में हुए मिनी-ऑक्शन में KKR द्वारा रहमान को रिकॉर्ड 9.20 करोड़ रुपए में खरीदने के बाद उन्होंने काफी ध्यान आकर्षित किया था, जिससे वह IPL इतिहास में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले बांग्लादेशी क्रिकेटर बन गए थे। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जबरदस्त बोली की लड़ाई के बीच 2 करोड़ रुपए की शुरुआती बोली से खरीदा गया था। 

इन IPL टीमों के लिए खेल चुके हैं मुस्तफिजुर 

इस 30 साल के खिलाड़ी ने 60 मैचों में 65 विकेट लिए हैं और 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ IPL डेब्यू के बाद से उनका इकॉनमी रेट 8.13 रहा है। उन्होंने कई फ्रेंचाइजी के लिए खेला है जिसमें 2018 में मुंबई इंडियंस, 2021 में राजस्थान रॉयल्स, 2022-23 के दौरान दिल्ली कैपिटल्स, और 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स शामिल था। इसके अलावा जेक फ्रेजर-मैकगर्क के चोटिल होने के बाद उनकी जगह उन्हें IPL 2025 में DC के लिए चुना गया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News