IPL Auction : अडानी के शेयरों से भी नीचे गिरे मिचेल स्टार्क के भाव, कीमत आधे से भी कम
punjabkesari.in Sunday, Nov 24, 2024 - 05:57 PM (IST)

खेल डैस्क : ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) पर पिछले साल आईपीएल ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपए का दाव लगाया था। इस तरह वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर बन गए थे। लेकिन कुछ ही महीनों के अंदर स्टार्क की यह कीमत आधे से भी कम रह गई है। जिस तरह शेयर मार्केट में गौतम अडानी के शेयर यूएस में धोखाधड़ी की एक खबर आने के बाद बुरी तरह नीचे गिरे हैं। उससे बुरे स्टार्क के भाव गिरे हैं। स्टार्क को 11.75 करोड़ रुपए की बोली मिली है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें अपने साथ रखा है। लेकिन स्टार्क की इतनी बुरी हालत की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। निश्चित रूप से पर्थ के मैदान पर भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में उनके खराब प्रदर्शन ने बोली में उनके दाम को प्रभावित किया है।
केकेआर ने 10 करोड़ पर ही छोड़ा
केकेआर ने ही पिछले साल स्टार्क के लिए 24.75 करोड़ की बोली लगाई थी लेकिन इस साल वह 10 करोड़ से आगे नहीं बढ़ी। केकेआर ने स्टार्क के लिए दिल्ली कैपिटल्स के साथ अच्छी फाइटिंग की थी लेकिन जैसे ही आरसीबी बोली में कूदी, केकेआर बाहर हो गई। अंत में दिल्ली ही स्टार्क को खरीदने में सफल रहा।
आईपीएल में मिचेल स्टार्क
मिचेल स्टार्क ने अब तक 40 आईपीएल मुकाबले खेले हैं। जिसमें उनके नाम पर 51 विकेट हैं। उनकी इकोनमी 8.21 रही है। औसत 22.29 है। बल्लेबाजी में उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिला है वह 29 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर से 105 रन ही बना पाए हैं। लेकिन अहम मैचों में बढ़िया प्रदर्शन करना और खतरनाक यॉर्कर फेंकना उनकी ऐसी ताकत है कि 34 साल की उम्र में भी वह विभिन्न फ्रेंचाइजियों को अपनी ओर खींचने में सफल रहे हैं।
भाई और पत्नी भी हैं प्लेयर
स्टार्क स्लोवेनियाई मूल के हैं। उनके बड़े भाई ब्रैंडन स्टार्क हैं जोकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से ओलंपिक हाई जंप स्पर्धा में भी हिस्सा ले चुके हैं। इसी तरह उनकी पत्नी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर एलिसा हीली है। हीली से साल 2015 में स्टार्क की सगाई हुई थी। दोनों एक ही अकादमी में ट्रेनिंग लेते थे। उन्होंने 15 अप्रैल 2016 को शादी कर ली।
स्टार्क की उपलब्धियां
विश्व कप प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट 2015
आईसीसी पुरुष टेस्ट टीम ऑफ द ईयर: 2016, 2017, 2019, 2023
आईसीसी पुरुष वनडे टीम ऑफ द ईयर: 2013, 2015, 2016, 2019
एलन बॉर्डर मेडल: 2022
शेन वार्न मेन्स टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर: 2017
ऑस्ट्रेलियाई पुरुष वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर: 2022
आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में शीर्ष विकेट लेने वाले खिलाड़ी: 2015, 2019
मार्श वन डे कप प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: 2015-16