क्या अभिषेक शर्मा करने जा रहे हैं शादी? संजू सैमसन की सलाह से मिले संकेत, देखें वीडियो
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 12:53 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के युवा स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा इन दिनों अपने शानदार प्रदर्शन और बढ़ती लोकप्रियता की वजह से लगातार सुर्खियों में हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार अर्धशतक लगाकर टीम इंडिया को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले अभिषेक को लेकर अब एक मजेदार चर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दरअसल, भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने एक कार्यक्रम के दौरान अभिषेक शर्मा को लेकर ऐसा मजाकिया बयान दिया कि फैंस के बीच इसकी खूब चर्चा हो रही है।
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में सैमसन का मजेदार खुलासा
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में बातचीत के दौरान संजू सैमसन ने टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का माहौल और खिलाड़ियों के बीच की मस्ती के बारे में बताया। इसी दौरान उन्होंने अपने ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा को लेकर एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। सैमसन ने कहा कि अभिषेक की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि मैदान में हर तरफ सिर्फ उनका ही नाम सुनाई देता है। उन्होंने हंसते हुए बताया कि पहले टीम के खिलाड़ी इस बात को लेकर मजाक भी करते थे।
“He’s the superstar of the team. Wherever we go, our buses are surrounded by fans, and you can hear only one name — ‘Abhishek, Abhishek!’ He’s the star everyone loves.” — #SanjuSamson on Abhishek Sharma ( @OfficialAbhi04)#IndiaTodayConclave26 @NikhilNaz @vikrantgupta73 pic.twitter.com/wTL4LOGm7l
— IndiaToday (@IndiaToday) March 14, 2026
सैमसन ने कहा, 'पहले तो लड़के अभिषेक के लिए आने वाले चीयर्स देखकर जलते थे। हर जगह बस ‘अभिषेक-अभिषेक’ ही सुनाई देता था। हमें लगता था कि लोग हमें देख भी रहे हैं या नहीं।'
इसके बाद सैमसन ने मजाक में अभिषेक को सलाह देते हुए कहा, 'अब तुम टीम के सुपरस्टार हो… जल्दी शादी कर लो भाई।' सैमसन के इस चार शब्दों वाले मजाकिया बयान ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं और फैंस के बीच वायरल हो गया।
दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा ने बेहद कम समय में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना ली है। वह इस समय आईसीसी टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर काबिज हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली और बेखौफ अंदाज ने उन्हें टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है। पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता टीम इंडिया के लिए बड़ी ताकत बन चुकी है।
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में किया शानदार प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले अभिषेक का टूर्नामेंट कुछ खास नहीं रहा था। कई मैचों में वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे और आलोचना भी झेलनी पड़ी थी। लेकिन फाइनल मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी की और न्यूजीलैंड के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतक लगाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस पारी ने टीम इंडिया को खिताब दिलाने की राह आसान बना दी।
युवराज सिंह से मिली सीख ने बदली सोच
अभिषेक शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह को दिया। उन्होंने बताया कि पिछले दो साल में युवराज से मिली सीख ने उनके खेल और सोच दोनों को बदल दिया है। अभिषेक ने कहा कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य भारत के लिए सभी फॉर्मेट खेलना है, लेकिन अब वह भविष्य के बारे में ज्यादा सोचने के बजाय प्रक्रिया पर ध्यान देते हैं।
उन्होंने कहा, 'मेरा सपना है कि मैं भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा फॉर्मेट खेलूं। लेकिन मैंने अब ज्यादा सोचना छोड़ दिया है। मैं वही प्रक्रिया फॉलो करता हूं जो पिछले दो साल में युवराज सिंह ने मुझे सिखाई है।'
वनडे खेलने का भी सपना
अभिषेक ने यह भी कहा कि फिलहाल उनका फोकस टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने पर है। उन्होंने कहा कि जो चीज उनके नियंत्रण में नहीं है, उसके बारे में वह ज्यादा नहीं सोचते। हालांकि अगर उन्हें मौका मिला तो भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलना भी उनका बड़ा सपना है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी धीरे-धीरे टीम इंडिया के लिए एक मजबूत संयोजन बनती जा रही है। दोनों खिलाड़ी आक्रामक क्रिकेट खेलने के लिए जाने जाते हैं और पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद यह जोड़ी भारत के सफेद गेंद क्रिकेट के नए युग की अहम कड़ी मानी जा रही है।

