IND vs NZ: वैभव सूर्यवंशी को अभी करना होगा इंतजार, अभिषेक नायर ने बताई वजह

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 03:30 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि संजू सैमसन की बड़ी पारी खेलने की क्षमता के कारण युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अपने मौके का इंतजार करना पड़ सकता है।

संजू सैमसन की बड़ी पारी वैभव सूर्यवंशी का इंतजार बढ़ा सकती है

संजू सैमसन के लगातार अच्छे प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण भारतीय टी20 टीम में उनकी जगह को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। दूसरी ओर, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को उनके संभावित विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, अभिषेक नायर का मानना है कि सैमसन की एक बड़ी पारी चयन को लेकर चल रही बहस का रुख बदल सकती है।

नायर ने जियोस्टार से बातचीत में कहा, 'संजू सभी की भावनाओं के साथ खेलते हैं। वह दो मैचों में रन नहीं बनाते और लोग सवाल उठाने लगते हैं कि वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलना चाहिए और संजू सैमसन अपने अवसरों का फायदा नहीं उठा रहे हैं। लोग पूछने लगते हैं कि आखिर कब तक इंतजार करेंगे। लेकिन ठीक उसी समय वह कुछ ही देर में 80 रन की पारी खेल देते हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'संजू ऐसे खिलाड़ी हैं, जो बार-बार आपके मन में सवाल उठाने का मौका देते हैं और फिर बड़ी पारी खेलकर अपने अवसर का पूरा फायदा उठाते हैं। इसलिए उनकी जगह को लेकर चर्चा होती रहेगी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी को अभी इंतजार करना होगा।'

बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों का संयोजन भारत के लिए अहम

नायर ने भारतीय टीम में बाएं और दाएं हाथ के बल्लेबाजों के संयोजन को भी महत्वपूर्ण बताया। उनका मानना है कि शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी के बीच किसी दाएं हाथ के बल्लेबाज का होना टीम को रणनीतिक फायदा दे सकता है।

उन्होंने कहा, 'जब तक नंबर तीन और शीर्ष क्रम में बाएं हाथ का बल्लेबाज मौजूद है, तब तक आप बीच में एक दाएं हाथ के बल्लेबाज को रखने के बारे में जरूर सोचेंगे। यह केवल वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के बीच चयन का मामला नहीं है, बल्कि बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों का संतुलन बनाए रखने की बात है।'

नायर ने अपनी बात समझाते हुए कहा, 'इससे न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल जैसे गेंदबाज को पावरप्ले में अपने ओवर आसानी से पूरे करने का मौका नहीं मिलेगा। इसलिए टीम संयोजन को ध्यान में रखना जरूरी है।'

फिन एलन भारतीय गेंदबाजों के लिए बन सकते हैं बड़ा खतरा

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन को लेकर अभिषेक नायर ने कहा कि घरेलू परिस्थितियां उनके आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज के अनुकूल हो सकती हैं। न्यूजीलैंड के छोटे मैदान, पिचों का व्यवहार और उछाल एलन की ताकत को और बढ़ा सकते हैं।

नायर ने कहा, 'न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में फिन एलन बेहद खतरनाक खिलाड़ी हैं, क्योंकि वहां मैदान की सीमाएं छोटी होती हैं। मैदान का आकार, पिचें और उछाल उनके खेल के अनुकूल हैं। अगर वह लय में आ जाते हैं, तो विपक्षी टीम के लिए रनों की गति रोकना बेहद मुश्किल हो जाता है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News