IND vs PAK: ईशान किशन ने रचा इतिहास, विराट और गंभीर की खास लिस्ट में शामिल

punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 09:57 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में ईशान किशन ने ऐतिहासिक पारी खेलकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 15 फरवरी को खेले गए इस मुकाबले में बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 40 गेंदों पर 77 रन ठोके।

10 चौकों और 3 छक्कों से सजी इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 192.50 रहा। इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ ईशान किशन अब पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

शुरुआती झटके के बाद संभाली पारी

अभिषेक शर्मा के बिना खाता खोले आउट होने के बाद भारत दबाव में था, लेकिन ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो भारत-पाकिस्तान मुकाबलों के इतिहास का तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है।

उन्होंने पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण पर हमला बोला और अबरार अहमद व सैम अयूब जैसे गेंदबाजों को निशाना बनाया। उनकी पारी ने भारत को मजबूत मंच दिया। ईशान किशन अब पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की एलीट लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

भारत बनाम पाकिस्तान टी20I में शीर्ष व्यक्तिगत स्कोर:

विराट कोहली – 82* (मेलबर्न, 2022 टी20 वर्ल्ड कप)
विराट कोहली – 78* (कोलंबो, 2012 एशिया कप)
ईशान किशन – 77 (कोलंबो, 2026 टी20 वर्ल्ड कप)
गौतम गंभीर – 75 (जोहान्सबर्ग, 2007 टी20 वर्ल्ड कप)

पारी से जुड़े अन्य बड़े रिकॉर्ड

पाकिस्तान के खिलाफ टी20I में किसी भारतीय ओपनर का यह सबसे बड़ा स्कोर है, जिसने गौतम गंभीर के 75 रन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा।
पावरप्ले में उनके 42 रन भारत-पाक टी20I इतिहास में किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है, जिसने शुभमन गिल के 35 रन के रिकॉर्ड को तोड़ा।
वह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक लगाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बने (विराट कोहली, गौतम गंभीर और रॉबिन उथप्पा के बाद)।
2007 टी20 वर्ल्ड कप के बाद पाकिस्तान के खिलाफ टी20I में 50+ स्कोर करने वाले पहले भारतीय ओपनर भी बने।

आक्रामक अंदाज में रखी जीत की नींव

ईशान किशन अंततः सैम अयूब की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए, लेकिन तब तक वह भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे। मुश्किल पिच पर खेली गई उनकी यह पारी बड़े मैचों में उनके आत्मविश्वास और आक्रामक मानसिकता को दर्शाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News