Japan Open 2026: पीवी सिंधु ने तोड़ा 7 साल का सूखा, चेन यूफेई को हराकर फाइनल में बनाई जगह

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 11:29 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत की स्टार शटलर और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार (18 जुलाई) को खेले गए महिला एकल सेमीफाइनल में सिंधु ने चीन की दिग्गज खिलाड़ी चेन यूफेई को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। अब फाइनल में उनका सामना जापान की अकाने यामागुची और इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वारदानी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से होगा।

चेन यूफेई के खिलाफ शानदार शुरुआत

सेमीफाइनल मुकाबले में सिंधु ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने पहला गेम 21-19 से अपने नाम किया और दूसरे गेम में भी 15-10 की बढ़त बना ली थी। इसी दौरान चेन यूफेई को मांसपेशियों में खिंचाव (मसल स्ट्रेन) की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्होंने मैच बीच में ही छोड़ने का फैसला किया। इसके साथ ही सिंधु ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

7 साल बाद चेन यूफेई पर दर्ज की जीत

इस जीत के साथ सिंधु ने चेन यूफेई के खिलाफ लंबे समय से चला आ रहा हार का सिलसिला भी खत्म कर दिया। इससे पहले उन्होंने 2019 विश्व चैंपियनशिप में यूफेई को हराया था। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में सिंधु को लगातार हार का सामना करना पड़ा था। अब करीब सात साल बाद उन्होंने एक बार फिर चीनी स्टार को मात देकर शानदार वापसी की है।

करीब दो साल बाद BWF फाइनल में पहुंचीं सिंधु

यह उपलब्धि सिंधु के लिए बेहद खास है क्योंकि वह लगभग दो साल बाद किसी BWF वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं। पिछले कुछ समय से चोट और खराब फॉर्म से जूझ रही सिंधु ने जापान ओपन में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वह एक बार फिर बड़े मंच पर वापसी कर चुकी हैं।

अब खिताब जीतने का मौका

सिंधु के पास अब जापान ओपन सुपर-750 का खिताब जीतने का सुनहरा मौका है। अगर वह फाइनल जीतने में सफल रहती हैं तो यह उनके करियर का एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब होगा और आगामी बड़े टूर्नामेंटों से पहले उनका आत्मविश्वास भी काफी बढ़ जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News