RCB खिलाड़ी की भविष्यवाणी, ये खिलाड़ी जीतेगा IPL 2026 की ऑरेंज कैप
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 11:59 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 से पहले Royal Challengers Bengaluru के विकेटकीपर-बल्लेबाज Jitesh Sharma ने बड़ा बयान दिया है। जितेश ने दिग्गज बल्लेबाज Virat Kohli को इस सीजन ऑरेंज कैप का सबसे बड़ा दावेदार बताया है। उनका मानना है कि कोहली न सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाएंगे, बल्कि अपने ही 973 रन के रिकॉर्ड को भी तोड़ सकते हैं।
जितेश शर्मा ने कहा, 'विराट कोहली, इसमें कोई शक नहीं। मुझे लगता है कि वह इस साल 973 रन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। जिस तरह वह हाल में भारत के लिए खेल रहे हैं और नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं, बस बैट से ठक-ठक की आवाज आ रही है। वह शानदार टच में लग रहे हैं।'
कोहली के नाम है सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड
विराट कोहली के नाम एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2016 के सीजन में 16 मैचों में 973 रन बनाए थे। उस सीजन में उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे और RCB टीम फाइनल तक पहुंची थी। इस रिकॉर्ड के सबसे करीब Shubman Gill पहुंचे थे, जिन्होंने 2023 IPL में 17 मैचों में 890 रन बनाए थे।
शानदार फॉर्म में हैं कोहली
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार दो शून्य पर आउट होने के बाद कोहली ने शानदार वापसी की है। पिछले 9 मैचों में उन्होंने 4 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। इससे साफ है कि वह IPL 2026 से पहले बेहतरीन फॉर्म में हैं।
IPL 2025 में भी किया था शानदार प्रदर्शन
IPL 2025 में भी विराट कोहली Royal Challengers Bengaluru के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 15 पारियों में 657 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 54.75 और स्ट्राइक रेट 144.71 रहा था। उन्होंने पूरे सीजन में 8 अर्धशतक लगाए थे।
SRH के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड
RCB IPL 2026 का पहला मैच Sunrisers Hyderabad के खिलाफ खेलेगी। कोहली का SRH के खिलाफ रिकॉर्ड भी शानदार है। उन्होंने SRH के खिलाफ 24 पारियों में 805 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं।

