IPL 2026 : पहली बार इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेले विराट कोहली, क्लासेन को पीछे छोड़ हासिल की ऑरेंज कैप

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 04:21 PM (IST)

बेंगलुरु : विराट कोहली IPL में रन बनाने वालों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए और ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 34 गेंदों पर 49 रन बनाए और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को चिन्नास्वामी स्टेडियम में 147 रन का लक्ष्य हासिल करने में मदद की। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में पहली बार उतरते हुए कोहली ने RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए और इस सीजन में अपने कुल रन 228 तक पहुंचा दिए। 

सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 224 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। यह पहली बार था जब RCB ने कोहली को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किया। टीम ने पहले गेंदबाजी चुनी थी और वह प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं थे। इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में भी वह मैदान से बाहर रहे थे। कोहली ने बताया कि उस मैच में उनके घुटने में दर्द हुआ था और बुधवार के मैच से पहले भी वह पूरी तरह फिट नहीं थे। 

रजत पाटीदार बुधवार को LSG के खिलाफ 13 गेंदों पर 27 रन बनाकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए। कोहली, क्लासन और पाटीदार के अलावा ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ही ऐसे बल्लेबाज हैं जिनके इस सीजन में 200 से ज्यादा रन हैं। 

पर्पल कैप की बात करें तो गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा 10 विकेट के साथ पर्पल कैप होल्ड किए हुए हैं। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज के भी 10 विकेट्स हैं। लेकिन औसत और ईकोनॉमी रेट के कारण कम्बोज दूसरे स्थान पर हैं। राजस्थान रॉयल्स के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई और एलएसजी के तेज़ गेंदबाज़ प्रिंस यादव 9 विकेट के साथ उनके पीछे हैं। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या हैं, जिनके नाम पांच मैचों में सात-सात विकेट हैं। क्रुणाल इस सीज़न में टॉप दस विकेट लेने वालों में इकलौते फिंगर स्पिनर हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News