Johor Cup 2025: रोमांचक मुकाबले में भारत की जीत, ग्रेट ब्रिटेन को 3-2 से हराया

punjabkesari.in Saturday, Oct 11, 2025 - 04:03 PM (IST)

जोहर बहारू (मलेशिया): भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने सुल्तान ऑफ जोहर कप 2025 (Sultan of Johor Cup 2025) अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए ग्रेट ब्रिटेन को 3-2 से हराया। यह मुकाबला शनिवार को तमन दया हॉकी स्टेडियम में खेला गया।

भारत की ओर से कप्तान रोहित (45+', 52') और रवनीत सिंह (23') ने गोल किए, जबकि ग्रेट ब्रिटेन के लिए माइकल रॉयडन (26') और काडेन ड्रेसी (46') ने गोल दागे।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक हॉकी खेली, लेकिन गोल नहीं हो सका। भारत को 13वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे ब्रिटिश डिफेंस ने रोक दिया। 22वें मिनट में मनमीत सिंह का शॉट गोललाइन पर क्लियर कर दिया गया, लेकिन अगले ही मिनट रवनीत सिंह ने शानदार फिनिश के साथ भारत को बढ़त दिलाई।

26वें मिनट में माइकल रॉयडन ने ग्रेट ब्रिटेन के लिए बराबरी का गोल दागा। हाफ टाइम तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमें मौके तलाशती रहीं।

45वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर कप्तान रोहित ने सटीक ड्रैगफ्लिक के जरिए गोल दागते हुए बढ़त दिलाई। हालांकि, 46वें मिनट में ब्रिटेन को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे काडेन ड्रेसी ने भुनाया और स्कोर 2-2 कर दिया।

इसके बाद भारत ने लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिनमें से तीसरे मौके पर रोहित (52') ने जोरदार शॉट लगाकर निर्णायक गोल किया और भारत ने मुकाबला 3-2 से जीत लिया।

भारत अब रविवार को अपना अगला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News