कपिल देव ने योगराज सिंह के विवादित बयानों का दिया जवाब, कहा- आप नाखुश ही रहेंगे

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 12:30 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के महान क्रिकेटरों में से एक कपिल देव ने पूर्व क्रिकेटर और महान ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह के विवादित बयानों का जवाब दिया है। इस इंटरव्यू के दौरान कपिल ने कहा कि उन्होंने जिंदगी में बहुत सी बातें होती हैं, लेकिन आपको आगे बढ़ना होता है। उन्होंने कहा कि कितने लोगों को भारत के लिए खेलने और फिल्मों में एक्टिंग करने का मौका मिला है? आपको तो बहुत से लोगों से कहीं ज्यादा मिला है। अगर आप नाखुश हैं, तो आप नाखुश ही रहेंगे। 

एक ही दौर के खिलाड़ी कपिल और योगराज ने एक साथ क्रिकेट की जर्नी शुरू की थी। हालांकि कपिल दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑल-राउंडरों में से एक बने और उन्होंने 1983 में भारत को वर्ल्ड कप जिताया। योगराज सिंह भी एक ऑल-राउंडर थे जिन्होंने छह वनडे और एक टेस्ट मैच खेला लेकिन उनका इंटरनेशनल करियर ज्यादा सफल नहीं रहा। योगराज के बेटे युवराज सिंह ने भी भारत के लिए खेला और महान ऑलराउंडरों में शामिल हैं जिन्होंने भारत को 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीताने में अहम भूमिका निभाई और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे।

योगराज अक्सर कपिल के बारे में विवादित बातें कहते रहे। एक इंटरव्यू में योगराज ने कहा था, 'जब कपिल देव भारत, नॉर्थ जोन और हरियाणा के कप्तान बने, तो उन्होंने बिना किसी वजह के मुझे टीम से बाहर कर दिया। मेरी पत्नी (युवी की मां) चाहती थीं कि मैं कपिल से सवाल पूछूं। मैंने उनसे कहा कि मैं इस आदमी को सबक सिखाऊंगा। मैंने अपनी पिस्तौल निकाली और सेक्टर 9 में कपिल के घर गया। वह अपनी मां के साथ बाहर आए। मैंने उन्हें कई बार गालियां दीं। मैंने उनसे कहा, 'तुम्हारी वजह से मैंने एक दोस्त खो दिया है, और तुमने जो किया है, उसकी सजा तुम्हें मिलेगी।' बाद में युवराज सिंह ने एक इंटरव्यू में कपिल देव से माफी मांगी। 

कपिल देव ने हाल ही में 'स्पोर्ट्स तक' के एक पॉडकास्ट में इस पर बात करते हुए कहा, 'उन्हें ऐसा करने की कोई जरूरत नहीं थी। कभी-कभी ऐसी बातें हो जाती हैं। वह एक महान क्रिकेटर हैं। वह कितने शानदार क्रिकेटर थे और उन्होंने देश के लिए कितना कुछ किया। मुझे लगता है कि उन्होंने खेल को और ज्यादा लोकप्रिय बनाया। लोग उनके खेलने के अंदाज की वजह से उन्हें पसंद करते हैं।' 

इसके बाद कपिल देव से सीधे योगराज सिंह के बयानों के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि वह क्या कहना चाह रहे हैं। मैं अभी भी दोस्त हूं। मेरी तरफ से कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन मुझे जिंदगी में कड़वाहट रखने वाले लोगों से मिलना पसंद नहीं है। मुझे खुशमिजाज लोगों से मिलना अच्छा लगता है। जिंदगी में बहुत सी बातें होती हैं, लेकिन आपको आगे बढ़ना होता है। अगर आप कड़वाहट पालकर रखेंगे, तो लोग आपको पसंद नहीं करेंगे। उनके बेटे ने बहुत अच्छा काम किया है; उन्हें खुश रहना चाहिए और खुशी-खुशी जीना चाहिए।' 

कपिल देव ने कहा, 'किसी को भी सब कुछ नहीं मिलता। कभी आपको कुछ मिलता है, तो कभी आपके परिवार को। आखिर में आपको खुश रहना चाहिए, न कि कड़वाहट पालनी चाहिए। इस दुनिया में कड़वाहट रखने वाले लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। चीजों पर आपकी प्रतिक्रिया ही तय करती है कि आप कैसे इंसान हैं। अगर मैं किसी को थप्पड़ मारूं या गाली दूं, तो उससे क्या फायदा होगा? आपको आगे बढ़ना होता है। जिसने दुनिया में इतना कुछ देखा हो, इतने उतार-चढ़ाव देखे हों... कितने लोगों को भारत के लिए खेलने और फिल्मों में एक्टिंग करने का मौका मिला है? आपको तो बहुत से लोगों से कहीं ज्यादा मिला है। अगर आप नाखुश हैं, तो आप नाखुश ही रहेंगे।' 

कपिल देव ने आगे कहा कि अगर योगराज आकर उन्हें गले लगाते हैं, तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा, 'बचपन के दोस्त हैं। हम अपने-अपने रास्ते चले गए। लेकिन हमने साथ में बहुत अच्छा समय बिताया। हम साथ बड़े हुए। शादी होती है और फिर अगर तलाक हो जाए, तो अच्छे पलों को नहीं भूलना चाहिए। कभी-कभी इंसान इतना कड़वा हो जाता है कि अच्छे पल भूल जाता है। मुझे अच्छे पल याद हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News