खालिन जोशी आंध्र ओपन गोल्फ के दूसरे दिन शीर्ष पर पहुंचे

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 07:31 PM (IST)

विशाखापत्तनम : खालिन जोशी लगातार दूसरे दिन तीन अंडर 68 का कार्ड खेलने के बाद बुधवार को यहां आंध्र ओपन गोल्फ टूर्नामेंट की तालिका में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। बेंगलुरु के रहने वाले 33 वर्षीय एशियाई टूर के पूर्व विजेता खालिन ने कुल छह अंडर 136 के स्कोर के साथ शुरुआती दिन शीर्ष स्थान पर रहे ध्रुव श्योराण पर एक शॉट की बढ़त बना ली। 

श्योराण एक अंडर 70 का कार्ड खेलने के बाद दूसरे स्थान पर हैं। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में 14 बार के विजेता एस. चिक्कारंगप्पा ने भी 70 का स्कोर बनाकर कुल चार अंडर 138 के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया। तेज हवा के कारण मुश्किल परिस्थितियों में खालिन ने चार बर्डी के साथ एक बोगी की। उनकी बोगी आखिरी होल पर आई। 

श्योराण ने दूसरे दिन ईगल (दो अंडर वाला शॉट) के साथ मजबूत शुरुआत की, लेकिन 16वें और 17वें होल में बोगी करने के बाद वे शीर्ष स्थान से नीचे आ गए। विराज मदप्पा, श्रीलंका के एन. थंगाराजा, चंडीगढ़ के ब्रश्वरपाल सिंह, अक्षय शर्मा, मनजोत सिंह और दुबई में रहने वाले यश मजमुदार संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। इन सभी का कुल स्कोर दो अंडर 140 है। कट स्कोर छह ओवर 148 का रहा और 130 खिलाड़ियों में से 52 खिलाड़ी इसमें जगह बनाने में सफल रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News