IND vs SL: ''वो नेट्स में चुपचाप मेहनत करते हैं'', केएल राहुल ने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 12:33 PM (IST)

गॉल: श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में शानदार 167 रन की पारी खेलने वाले युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल की केएल राहुल ने जमकर तारीफ की है। राहुल ने कहा कि टीम में मौका नहीं मिलने के बावजूद पडिक्कल लगातार नेट्स में मेहनत कर रहे थे और अपनी बल्लेबाजी के अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रहे थे। साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में मिले मौके को पडिक्कल ने शानदार अंदाज में भुनाया।

पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 167 रन बनाए। यह उनका टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक था। उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर भारतीय पारी को मजबूती दी और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

राहुल ने BCCI की ओर से जारी वीडियो में पडिक्कल की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा, 'पिछले कुछ सालों से वह अपने मौके का इंतजार कर रहे थे और चुपचाप नेट्स में मेहनत कर रहे थे। वह अपनी बल्लेबाजी के कुछ पहलुओं को बेहतर करने की कोशिश कर रहे थे।'

भारत ए के साथ भी किया था शानदार प्रदर्शन

श्रीलंका दौरे से पहले पडिक्कल भारत ए टीम का हिस्सा थे। उन्होंने तीन पारियों में 173 रन बनाए थे, जिसमें श्रीलंका ए के खिलाफ दो अर्धशतक शामिल थे। इसके बाद कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में उन्होंने नाबाद 142 रन की पारी खेली थी। राहुल ने कहा, 'वह पहले भी यहां आ चुके हैं और भारत ए के लिए रन बना चुके हैं। इसलिए परिस्थितियों के साथ तालमेल बिठाने में उन्हें मदद मिली। उन्होंने अभ्यास मैच में भी शतक लगाया था। वह लगातार रन बना रहे हैं और उन्हें बल्लेबाजी करना तथा बड़ी पारियां खेलना पसंद है।'

राहुल को उम्मीद, लगातार बड़ी पारियां खेलेंगे पडिक्कल

केएल राहुल का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक पडिक्कल का आत्मविश्वास बढ़ाएगा और उन्हें अपने खेल का आनंद लेने के साथ बल्लेबाजी के अगले स्तर तक पहुंचने में मदद करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पडिक्कल आगे भी लगातार बड़ी पारियां खेलेंगे।पडिक्कल का 167 रन श्रीलंका की धरती पर किसी भारतीय बल्लेबाज का टेस्ट में चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। उनसे आगे सचिन तेंदुलकर (203), वीरेंद्र सहवाग (201) और शिखर धवन (190) हैं।

टीम मैनेजमेंट के सामने बढ़ी चुनौती

पडिक्कल का यह तीसरा टेस्ट मैच है और 2024 के पर्थ टेस्ट के बाद वह पहली बार भारत की प्लेइंग इलेवन में लौटे। दूसरी ओर, साई सुदर्शन ने अब तक सात टेस्ट मैचों में तीन अर्धशतक लगाए हैं, लेकिन वह टेस्ट शतक नहीं बना सके हैं। ऐसे में आगे न्यूजीलैंड दौरे पर नंबर-3 की जगह के लिए टीम मैनेजमेंट के सामने पडिक्कल और सुदर्शन में से चुनाव करना दिलचस्प होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News