नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान ओलंपिक में क्रिकेट की मेजबानी करेगा : ICC CEO संजोग गुप्ता

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 05:50 PM (IST)

लॉस एंजिलिस : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजोग गुप्ता ने कहा कि 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट प्रतियोगिता लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के घरेलू मैदान पर आयोजित की जाएगी, जिसका गुरुवार को शिलान्यास किया गया। 

गुप्ता ने कहा, 'यह इतिहास का एक महत्वपूर्ण क्षण है क्योंकि आज हम जिस चीज की नींव रख रहे हैं, वह सिर्फ एक क्रिकेट मैदान नहीं है। हम एक वादे की नींव रख रहे हैं। एक ऐसा वादा जिसे पूरा करने में 128 साल लगे।' गुप्ता लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक खेलों में क्रिकेट के आयोजन स्थल के शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आइओसी) ने क्रिकेट को लॉस एंजिलिस खेलों में शामिल करने की मंजूरी दी है और गुप्ता ने कहा कि इससे इस खेल के बढ़ते प्रभाव का पता चलता है। 

उन्होंने कहा, 'दुनिया का दूसरा सबसे लोकप्रिय खेल इतने लंबे समय से ओलंपिक मंच से गायब रहा। जब अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने लॉस एंजिलिस 2028 खेलों में क्रिकेट को शामिल करने की औपचारिक मंजूरी दी, तो यह केवल घोषणा मात्र नहीं थी। इससे इस बात का पता चलता है कि ओलंपिक में उन खेलों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए जिन्हें अरबों लोग पसंद करते हैं।' 

पोमोना स्थित क्रिकेट स्थल का जिक्र करते हुए गुप्ता ने कहा कि इसकी विरासत इसे क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी के लिए एक आदर्श स्थान बनाती है। उन्होंने कहा, 'इस वादे को पूरा करने के लिए पोमोना से बेहतर किसी अन्य जगह के बारे में मैं सोच भी नहीं सकता। खेल जगत में सबसे अच्छी चीजें तब होती हैं जब महत्वाकांक्षा और समुदाय का मिलन होता है और पोमोना में ये दोनों ही मौजूद हैं। यह स्थल अब एक ऐसे खेल की मेजबानी करेगा जो अपने मूल में ही समुदाय से जुड़ा हुआ है।' 

गुप्ता ने कहा कि ओलंपिक मंच क्रिकेट को वैश्विक पहचान देगा। उन्होंने कहा, 'जब जुलाई 2028 में ओलंपिक खेल होंगे तो चार अरब दर्शकों की निगाहें लॉस एंजिलिस पर होंगी। उनमें से कई लोगों की निगाहें पहली बार क्रिकेट पर पड़ेंगी।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News