IND vs AFG: कौन हैं मानव सुथार? युवा ऑलराउंडर ने हासिल किया टीम इंडिया का टेस्ट कैप
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 10:59 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मुकाबले में युवा ऑलराउंडर मानव सुथार को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है। कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज और उपयोगी बल्लेबाज के रूप में पहचान बना चुके मानव लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे और अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का मौका मिला है।
शुभमन गिल की कप्तानी में मिला डेब्यू का मौका
23 वर्षीय मानव सुथार IPL 2026 में शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा भी रहे थे। घरेलू क्रिकेट और इंडिया ए के लिए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद आखिरकार चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में शामिल कर लिया। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में उन्हें अंतिम एकादश में जगह मिली।
राजस्थान के श्रीगंगानगर से टीम इंडिया तक का सफर
मानव सुथार राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर से आते हैं। बाएं हाथ के स्पिनर ऑलराउंडर के तौर पर उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। पिछले कुछ वर्षों में उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली रेड-बॉल खिलाड़ियों में गिना जाने लगा है।
रणजी ट्रॉफी में मचाया था धमाल
मानव पहली बार 2022-23 रणजी ट्रॉफी सीजन में चर्चा में आए थे। उस सीजन उन्होंने राजस्थान के लिए सिर्फ छह मैचों में 39 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज बनने का कारनामा किया था। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और लंबी स्पेल फेंकने की क्षमता ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
मानव सुथार का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 129 विकेट झटके हैं। इसके अलावा बल्ले से भी 945 रन बनाए हैं, जो उन्हें एक उपयोगी ऑलराउंडर बनाता है। इंडिया ए के लिए भी उनके प्रदर्शन ने राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का रास्ता साफ किया।
जडेजा को आराम, सुथार को मिला मौका
अफगानिस्तान टेस्ट के लिए अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है। ऐसे में चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए मानव सुथार को मौका दिया है। भारतीय टीम प्रबंधन अगली पीढ़ी के स्पिन ऑलराउंडर्स को तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है और सुथार उसी योजना का अहम हिस्सा माने जा रहे हैं।
भारत और अफगानिस्तान की प्लेइंग 11
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान: सिदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नंगेयालिया खरोते, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी।

