पिछले दो सीजन अनसोल्ड, IPL 2026 में एंट्री: सरफराज खान को बेस प्राइस पर इस टीम ने खरीदा
punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 12:41 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 मिनी ऑक्शन में भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान के लिए राहत की खबर आई। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें 75 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदकर उनकी ‘अनसोल्ड’ की लकीर खत्म कर दी। 16 दिसंबर को अबू धाबी में हुए ऑक्शन में सरफराज शुरुआत में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन बाद में एक्सेलरेटेड राउंड में CSK ने उन्हें अपने साथ जोड़ लिया।
शानदार घरेलू फॉर्म का मिला इनाम
सरफराज खान का चयन उनके हालिया घरेलू प्रदर्शन को देखते हुए किया गया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने 7 पारियों में 329 रन बनाए, वह भी 203.08 के दमदार स्ट्राइक रेट से। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक और पहला टी20 शतक भी निकला। हरियाणा के खिलाफ 235 रनों के ऐतिहासिक लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी 25 गेंदों में 64 रनों की पारी ने सभी का ध्यान खींचा।
CSK के साथ IPL में वापसी
सरफराज खान लंबे समय बाद आईपीएल में वापसी करने जा रहे हैं। वह आखिरी बार 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले थे। इससे पहले वह पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का भी हिस्सा रह चुके हैं। अब तक अपने IPL करियर में सरफराज ने 50 मैचों में 585 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 22.50 और स्ट्राइक रेट 130.58 रहा है।
पृथ्वी शॉ: नीलामी में आखिरी पल का ट्विस्ट
अबू धाबी में हुई IPL 2026 नीलामी में पृथ्वी शॉ को मुख्य ऑक्शन राउंड में जगह नहीं मिली। उनका नाम एक्सीलरेटेड प्रोसेस तक गया, जहां अंतिम राउंड में चुने गए 11 खिलाड़ियों में वे शामिल थे। ठीक उसी समय दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपए की बोली लगाकर शॉ को वापस अपने खेमे में शामिल कर लिया। यह पल शॉ के करियर के लिए राहत और उम्मीद दोनों लेकर आया।
औकिब नबी को IPL में पहली बार मौका
औकिब नबी ने अभी तक आईपीएल नहीं खेला है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में निरंतर शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें पहली बार इस बड़े मंच पर खेलने का मौका मिलेगा। दिल्ली कैपिटल्स को उनसे नई गेंद और डेथ ओवरों में विकेट लेने की बड़ी उम्मीदें होंगी।

