RCB फैंस के लिए खुशखबरी, एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को IPL मैचों की मेजबानी के लिए हरी झंडी

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 04:19 PM (IST)

बेंगलुरु : कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी। इसके साथ ही इस स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर पिछले लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई। 

पिछले साल RCB के चैंपियन बनने के बाद यहां आयोजित किए गए समारोह के दौरान मची भगदड़ में कुछ लोगों की जान चली गई थी। IPL 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति तथा केएससीए, RCB और उनकी प्रबंधन कंपनी डीएनए के प्रतिनिधियों के बीच बैठक के बाद कर्नाटक सरकार ने औपचारिक मंजूरी दी। 

KSCA के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने एक बयान में कहा, 'बैठक के दौरान विशेषज्ञ समिति ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और उपायों के संबंध में रिपोर्ट पेश की। समिति की सिफारिश के आधार पर गृहमंत्री ने स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है।' RCB ने इससे पहले घोषणा कर दी थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मैच बेंगलुरु में जबकि दो मैच रायपुर में खेलेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News