IPL 2026 ओपनर में नहीं होगा RCB vs PBKS रीमैच, इस टीम से भिड़ेगी डिफेंडिंग चैंपियन RCB

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 10:48 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले मुकाबले को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सीजन के फाइनलिस्ट रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच ओपनिंग मैच में रीमैच नहीं होगा। IPL 2025 के फाइनल में RCB ने PBKS को 6 रन से हराकर खिताब जीता था। ऐसे में फैंस को उम्मीद थी कि नए सीजन की शुरुआत इसी मुकाबले से होगी, लेकिन अब रिपोर्ट्स में अलग तस्वीर सामने आई है।

ओपनिंग मैच में RCB का सामना CSK से होने की संभावना

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, IPL 2026 का पहला मैच 28 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें RCB का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से हो सकता है। RCB, CSK, मुंबई इंडियंस (MI) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को लीग की सबसे बड़ी और लोकप्रिय टीमों में गिना जाता है। RCB ने पिछले सीजन में अपना पहला IPL खिताब जीतकर लंबे इंतजार को खत्म किया था, जिसके बाद टीम की लोकप्रियता और भी बढ़ गई है।

पंजाब किंग्स का पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस से

रिपोर्ट के मुताबिक, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को करेगी। उनका पहला मुकाबला शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस (GT) से हो सकता है। यह मुकाबला पंजाब किंग्स के घरेलू मैदान पर खेले जाने की संभावना है।

पिछले सीजन में CSK और GT का प्रदर्शन

पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। IPL इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब CSK अंक तालिका में सबसे नीचे रही। टीम ने 14 में से 10 मुकाबले गंवाए थे। वहीं गुजरात टाइटंस को मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।

IPL से पहले होगी BCCI की अहम बैठक

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि BCCI ने सभी फ्रेंचाइज़ियों को जानकारी दी है कि 25 मार्च को वार्षिक बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सभी टीमों के कप्तान और कोच शामिल होंगे। बैठक में आगामी सीजन के लिए कुछ नए नियमों और बदलावों पर चर्चा हो सकती है। वहीं कप्तानों का फोटोशूट 15 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

चरणों में जारी होगा IPL 2026 का शेड्यूल

फिलहाल IPL 2026 का पूरा शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि टूर्नामेंट का कार्यक्रम चरणों में जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पहले 20 दिनों का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा, जबकि बाकी मैचों का कार्यक्रम बाद में घोषित होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News