IND vs ZIM: पहली ही गेंद पर झटका विकेट, मयंक यादव ने की भुवनेश्वर कुमार के खास रिकॉर्ड की बराबरी

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 02:42 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार वापसी का सिलसिला जारी रखते हुए पहली ही गेंद पर विकेट लेकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में मयंक ने जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को पहली गेंद पर आउट कर भारत को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। इस विकेट के साथ उन्होंने भारत के पूर्व तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के एक खास टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

पहली गेंद पर विकेट लेकर बनाया खास रिकॉर्ड

193 रन के लक्ष्य का बचाव कर रही भारतीय टीम को पहले ही ओवर में सफलता दिलाते हुए मयंक यादव ने अपनी पहली गेंद पर ब्रायन बेनेट को चलता किया। यह तीसरी बार है जब मयंक ने किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया।इसके साथ ही वह भुवनेश्वर कुमार के बाद दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में तीन बार पहली गेंद पर विकेट लेने का कारनामा किया है।

भारत के लिए पहली गेंद पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

भुवनेश्वर कुमार – 3 बार
मयंक यादव – 3 बार
हार्दिक पंड्या – 2 बार
अर्शदीप सिंह – 2 बार
रविचंद्रन अश्विन – 1 बार

दो साल बाद वापसी में लगातार शानदार प्रदर्शन

24 वर्षीय मयंक यादव लगभग दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। चोटों के कारण लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे दौरे पर वापसी की और अपनी रफ्तार से एक बार फिर सभी को प्रभावित किया। आईपीएल में लगातार 150 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी कर सुर्खियां बटोरने वाले मयंक को भारत का भविष्य माना जाता है। चोट से उबरने के बाद उनकी वापसी टीम इंडिया के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।

भारत ने किया 3-0 से सीरीज पर कब्जा

भारत पहले ही दूसरे टी20 मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम कर चुका था। तीसरे मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत ने वैभव सूर्यवंशी की 81 रन की शानदार पारी की बदौलत 192/5 का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में जिम्बाब्वे की शुरुआत मयंक यादव के पहले ही गेंद पर विकेट से खराब रही और पूरी टीम 157/7 तक ही पहुंच सकी। भारत ने मुकाबला 35 रन से जीतकर तीन मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।

प्लेइंग 11 में हुए दो बदलाव

भारत ने तीसरे टी20 मुकाबले के लिए टीम में दो बदलाव किए थे। प्रिंस यादव बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर रहे, उनकी जगह आशोक शर्मा को मौका मिला। वहीं शिवम दुबे की जगह सूर्यांश शेडगे को अंतिम एकादश में शामिल किया गया।

मयंक की वापसी से तेज गेंदबाजी को मिली मजबूती

लगातार चोटों से जूझने के बाद मयंक यादव का फिट होकर वापसी करना भारतीय टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। उनकी तेज रफ्तार और नई गेंद से विकेट लेने की क्षमता आगामी बड़े टूर्नामेंटों में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूत बना सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News