यौन उत्पीड़न का दोषी कोच और मैनेजर पर बड़ी कार्रवाई, MCA ने आजीवन प्रतिबंध लगाया
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 06:20 PM (IST)
शिलांग : मेघालय क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने राज्य की अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम के कोच और मैनेजर पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है। मेघालय राज्य महिला आयोग ने उन्हें टीम की महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का दोषी पाया था।
MCA के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य जेम्स संगमा ने रविवार को यूनीवार्ता को बताया कि पूर्व हेड कोच हेमंत रॉय और पूर्व असिस्टेंट मैनेजर संजय मंडल को 27 जून से मेघालय में किसी भी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से आजीवन निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने अपने मानद सचिव रेनॉल्ड खारकमनी को भी निलंबित कर दिया है।
उन पर आरोप है कि उन्होंने अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम की ओर से की गई यौन उत्पीड़न की शिकायतों पर समय रहते और उचित कदम नहीं उठाए। ये शिकायतें 2 और 3 दिसंबर, 2025 को तब की गई थीं, जब टीम एक टूर्नामेंट के लिए त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में थी।

