MI vs DC, IPL 2024 : सूर्यकुमार की वापसी से मुंबई को मिलेगी मजबूती, देखें संभावित 11

punjabkesari.in Saturday, Apr 06, 2024 - 04:47 PM (IST)

मुंबई : मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना अभियान पटरी पर लाने के लिए रविवार को जब यहां एक दूसरे का सामना करेंगे तो निगाहें सूर्यकुमार यादव पर टिकी रहेंगी जो चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे हैं। मुंबई ने अभी तक अपने तीनों मैच गंवाए हैं और वह अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। दिल्ली की स्थिति भी अच्छी नहीं है तथा चार मैच में एक जीत से वह 10 टीमों की तालिका में नौवें स्थान पर है। इस तरह से दोनों टीम पर वापसी करने का दबाव है। 

सूर्यकुमार इस मैच में वापसी कर सकते हैं तथा आईपीएल के तुरंत बाद होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। सूर्यकुमार चोटिल होने के कारण पिछले तीन महीने से बाहर हैं। उन्होंने शुक्रवार को अभ्यास सत्र में भाग लिया और वह किसी भी तरह से असहज नहीं दिख रहे थे। मुंबई की टीम ने अभी तक हर विभाग में खराब प्रदर्शन किया है। 

बल्लेबाजी में रोहित शर्मा और ईशान किशन ने उसे अच्छी शुरुआत दिलाई लेकिन यह दोनों बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। तिलक वर्मा और नमन धीर पर भी यह बात लागू होती है। कप्तान हार्दिक पंड्या भी अभी तक अच्छा प्रदर्शन करके टीम को प्रेरित करने में नाकाम रहे हैं। उन्हें प्रशंसकों की नाराजगी भी झेलनी पड़ी है। 

रविवार को हालांकि इस मामले में उन्हें कुछ राहत मिल सकती है क्योंकि इस दिन स्टेडियम में 20000 से अधिक बच्चे खेल का लुत्फ उठाएंगे। जहां तक मुंबई के गेंदबाजी विभाग का सवाल है तो आकाश मधवाल को छोड़कर कोई भी अन्य गेंदबाज प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर पाया है। आकाश ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में तीन विकेट लिए थे। 

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने पिछले दो मैच में अर्धशतक जमाकर लय हासिल कर ली है लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल पा रहा है। पंत ने अभी तक चार मैच में 152 रन बनाए हैं। दिल्ली के गेंदबाजों ने पिछले मैच में बेहद खराब प्रदर्शन किया था। 

कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई करके 7 विकेट पर 272 दिन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। इसके जवाब में दिल्ली की टीम 166 रन बनाकर आउट हो गई थी। मुंबई के खिलाफ वह इस मैच को भुलाकर वापसी करने की कोशिश करेगी। दिल्ली को डेविड वार्नर से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। उनके अलावा पृथ्वी साव भी वानखेड़े में अपने घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे। 

संभावित प्लेइंग 11 

मुंबई इंडियंस : ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, गेराल्ड कोएत्ज़ी, पीयूष चावला, आकाश मधवाल, जसप्रित बुमरा, क्वेना मफाका। प्रभाव उप: नुवान तुषारा।

दिल्ली कैपिटल्स : पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, सुमित कुमार, रसिख दार सलाम, एनरिक नॉर्टजे, इशांत शर्मा, खलील अहमद। प्रभाव उप: अभिषेक पोरेल।

समय : दोपहर 3:30 बजे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News