लियोनेल मेसी पर MLS ने लगाया जुर्माना, मैदान पर क्विन सुलिवन को थप्पड़ मारना पड़ा भारी

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 04:40 PM (IST)

चेस्टर: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी को मेजर लीग सॉकर (MLS) ने फिलाडेल्फिया यूनियन के मिडफील्डर क्विन सुलिवन के साथ मैदान पर हुई झड़प के मामले में जुर्माना लगाया है। इंटर मियामी और फिलाडेल्फिया यूनियन के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा था, जिसके बाद मैच की फुटेज की समीक्षा करते हुए लीग ने मेसी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की। हालांकि, मेसी पर सिर्फ जुर्माना लगाया गया है और उन्हें किसी मैच के लिए निलंबित नहीं किया गया।

यह घटना बुधवार को मैच के दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम में हुई। मैदान के बीच में मेसी और क्विन सुलिवन के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी ने कथित तौर पर सुलिवन की गर्दन के पीछे हाथ मारा। मैच के दौरान दोनों में से किसी खिलाड़ी को कार्ड नहीं दिखाया गया था।

हालांकि, बाद में MLS ने घटना की वीडियो फुटेज की समीक्षा की। लीग ने पाया कि मेसी ने विपक्षी खिलाड़ी के चेहरे, सिर या गर्दन से संपर्क को लेकर बनी अनुशासनात्मक नीति का उल्लंघन किया है। इसके बाद उन पर जुर्माना लगाया गया, लेकिन जुर्माने की राशि का खुलासा नहीं किया गया। राहत की बात यह रही कि मेसी को सस्पेंड नहीं किया गया और वह इंटर मियामी के अगले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।

इंटर मियामी के इयान फ्रे पर भी कार्रवाई

इसी मुकाबले में इंटर मियामी के डिफेंडर इयान फ्रे को भी क्विन सुलिवन के साथ अलग घटना के लिए जुर्माना भुगतना पड़ा। पेनल्टी बॉक्स में ड्रिब्लिंग के दौरान सुलिवन का संतुलन बिगड़ा और वह फ्रे के साथ उलझ गए। इसके बाद फ्रे ने सुलिवन को गर्दन के आसपास पकड़ लिया, जिससे दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ गया।

इसके जवाब में सुलिवन ने उठकर फ्रे को टैकल किया। MLS ने इस मामले की भी समीक्षा की और फ्रे पर उसी अनुशासनात्मक नीति के तहत जुर्माना लगाया, जिसके तहत मेसी पर कार्रवाई हुई। हालांकि, फ्रे को भी किसी मैच के लिए निलंबित नहीं किया गया।

पिता के निधन के बाद मेसी ने किया गोल

यह मैच मेसी के लिए भावनात्मक रूप से भी बेहद खास रहा। पिता जॉर्ज मेसी के निधन के बाद अपना पहला मुकाबला खेल रहे अर्जेंटीना के दिग्गज ने इंटर मियामी के लिए गोल भी किया। मेसी ने 26वें मिनट में बाएं पैर से शानदार फिनिश करते हुए टीम को बढ़त दिलाई और एक असिस्ट भी अपने नाम किया।

हालांकि, मेसी के शानदार प्रदर्शन के बावजूद इंटर मियामी मुकाबला जीत नहीं सकी और मैच 2-2 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ। मेसी इस MLS सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 17 लीग मैचों में 13 गोल और नौ असिस्ट दर्ज किए हैं।

मैच के आखिरी क्षणों में तनाव इतना बढ़ गया कि दो खिलाड़ियों को रेड कार्ड भी दिखाया गया। इंटर मियामी के यानिक ब्राइट और फिलाडेल्फिया के कैवन सुलिवन को मैदान से बाहर भेजा गया। कैवन सुलिवन, क्विन सुलिवन के छोटे भाई हैं। फिलाडेल्फिया ने कैवन सुलिवन के रेड कार्ड के खिलाफ अपील की, जिसके बाद MLS के इंडिपेंडेंट रिव्यू पैनल ने सर्वसम्मति से रेड कार्ड और एक मैच के प्रतिबंध को रद्द कर दिया। इसके साथ ही कैवन अपनी टीम के अगले मुकाबले के लिए उपलब्ध हो गए।

यह पहली बार नहीं है जब मेसी पर MLS ने इस तरह की कार्रवाई की हो। इससे पहले फरवरी 2025 में भी न्यूयॉर्क सिटी एफसी के खिलाफ एक मुकाबले के दौरान विपक्षी खिलाड़ी के चेहरे, सिर या गर्दन से संपर्क के मामले में मेसी पर लीग ने जुर्माना लगाया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News