प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर भारोत्तोलक संकेत सरगर को दी बधाई

punjabkesari.in Saturday, Jul 30, 2022 - 06:34 PM (IST)

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भारतीय भारोत्तोलक संकेत सरगर को राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर बधाई दी और इस ‘असाधारण प्रयास’ के लिए उनकी प्रशंसा की। सरगर (21) ने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरूषों की 55 किलो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला। मोदी ने ट्वीट कर कहा कि संकेत सरगर का असाधारण प्रयास! उनका प्रतिष्ठित रजत पदक हासिल करना राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए एक शानदार शुरुआत है। उन्हें बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

महाराष्ट्र के सांगली जिले के सरगर स्वर्ण पदक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन क्लीन एंड जर्क में दो प्रयास नाकाम रहने से वह एक किलो से चूक गए। उन्होंने 248 किलो (113 और 135 किलो) वजन उठाकर रजत पदक जीता। मलेशिया के मोहम्मद अनीक ने कुल 249 किलो वजन उठाकर क्लीन एंड जर्क में खेलों का नया रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 107 और क्लीन एंड जर्क में 142 किलो वजन उठाया। श्रीलंका के दिलांका इसुरू कुमारा ने 225 किलो वजन उठाकर कांस्य पदक जीता।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले भारोत्तोलक संकेत सरगर को बधाई देते हुए कहा है कि उनके अथक परिश्रम ने देश का नाम रोशन किया है। सरगर ने पुरूषों के 55 किलो वर्ग में रजत पदक जीता । मुर्मू ने ट्वीट किया- संकेत सरगर को राष्ट्रमंडल खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर बधाई। आपके अथक परिश्रम से आपको सफलता मिली और देश का नाम रोशन हुआ । पदक तालिका में भारत का खाता खुला। मेरी शुभकामनायें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News