IND vs AFG ODI: हार्दिक पांड्या की चोट पर मोर्ने मोर्कल का बड़ा बयान, नीतीश रेड्डी को बताया सुनहरा मौका
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 01:59 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा, जब स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए। हालांकि भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का मानना है कि यह युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के लिए खुद को साबित करने का शानदार अवसर है।
धर्मशाला में पहले वनडे से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्कल ने हार्दिक की चोट पर अपडेट देते हुए कहा कि टीम प्रबंधन को अंतिम समय में बदलाव करना पड़ा। उन्होंने बताया कि हार्दिक को कैंप से जुड़ने से ठीक पहले गंभीर परेशानी महसूस हुई, जिसके चलते उन्हें पूरी सीरीज से बाहर होना पड़ा।
मोर्कल ने कहा, 'हम हमेशा बल्लेबाजी और गेंदबाजी की तरह ऑलराउंडरों के विकल्पों पर भी नजर रखते हैं। दुर्भाग्य से हार्दिक इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। कैंप से जुड़ने से ठीक पहले उन्हें चोट लगी थी।' उन्होंने कहा कि हार्दिक की गैरमौजूदगी में नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिलेगा, जो पिछले दो वर्षों से लगातार अपने खेल में सुधार कर रहे हैं। टीम प्रबंधन को भरोसा है कि युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए तैयार है।
मोर्कल ने नीतीश की प्रगति की तारीफ करते हुए कहा, 'नीतीश पिछले दो साल से शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं। खिलाड़ियों को जब अपने खेल पर काम करने का मौका मिलता है तो वे अपनी कमजोरियों को सुधारते हैं और नीतीश ने भी ऐसा ही किया है।' भारतीय गेंदबाजी कोच ने बताया कि नीतीश ने तकनीकी रूप से अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है। अब वह क्रीज पर ज्यादा संतुलित नजर आते हैं और उनकी ऊर्जा बेहतर तरीके से शॉट्स में दिखाई देती है। साथ ही गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन पहले से बेहतर हुआ है।
मोर्कल ने कहा, 'बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में उनके खेल में सुधार देखने को मिला है। हम उत्साहित हैं कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर मौका मिलेगा और देखना चाहते हैं कि वह इस अवसर का किस तरह फायदा उठाते हैं। ऐसे ऑलराउंडर का टीम में होना हमेशा फायदेमंद होता है।'
वनडे क्रिकेट में नीतीश कुमार रेड्डी ने अब तक चार मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 33 की औसत और 101 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 100 रन बनाए हैं। उनके नाम एक अर्धशतक भी दर्ज है, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई 53 रन की पारी शामिल है। हालांकि गेंदबाजी में उन्हें अभी पहला विकेट हासिल करना बाकी है।
हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में अब सभी की नजरें नीतीश कुमार रेड्डी पर होंगी, जो अफगानिस्तान सीरीज में खुद को टीम इंडिया के भविष्य के प्रमुख ऑलराउंडर के रूप में स्थापित करने का प्रयास करेंगे।

