मुंबई इंडियंस ने जीती 12वीं ट्रॉफी, क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल फ्रैंचाइजी बनी
punjabkesari.in Sunday, Mar 16, 2025 - 12:11 AM (IST)

खेल डैस्क : मुंबई इंडियंस ने टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत को एक बार फिर साबित किया है। हाल ही में महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीतने के साथ ही इस फ्रैंचाइजी ने अपनी ट्रॉफी कैबिनेट में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। मुंबई इंडियंस टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल फ्रैंचाइजी बन गई है, जिसने विभिन्न लीग्स में अब तक कुल 12 खिताब अपने नाम किए हैं। मुंबई इंडियंस ने 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी।
मुंबई इंडियंस के खिताबों का शानदार सफर
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल): 2013, 2015, 2017, 2019, 2020 (कुल 5 खिताब)
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में सबसे ज्यादा 5 खिताब जीतकर इस लीग में अपनी सर्वोच्चता साबित की है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया, विशेष रूप से 2019 और 2020 में लगातार खिताब जीतकर इतिहास रचा।
चैंपियंस लीग ट्वंटी20 (CLT20): 2011, 2013 (कुल 2 खिताब)
इस अब बंद हो चुकी अंतरराष्ट्रीय टी20 लीग में मुंबई इंडियंस ने दो बार खिताब अपने नाम किया। 2011 में हरभजन सिंह और 2013 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल): 2023, 2025 (कुल 2 खिताब)
मुंबई इंडियंस ने 2023 में शुरू हुई डब्ल्यूपीएल के पहले संस्करण में खिताब जीतकर इतिहास रचा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने 2025 में भी अपना दबदबा कायम रखा।
मेजर क्रिकेट लीग (एमएलसी): 2023 (1 खिताब)
अमेरिका में शुरू हुई इस टी20 लीग में मुंबई इंडियंस ने अपने पहले ही सीज़न में खिताब अपने नाम किया।
अंतर्राष्ट्रीय लीग टी20 (आईएलटी20): 2024 (1 खिताब)
संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित इस लीग में मुंबई इंडियंस ने 2024 में अपना पहला खिताब जीता।
साऊथ अफ्रीका 20 (SA20): 2025 (1 खिताब)
हाल ही में संपन्न हुए SA20 2025 में मुंबई इंडियंस की सहयोगी टीम, MI केप टाउन ने खिताब जीतकर फ्रैंचाइजी की वैश्विक पहुंच और सफलता को एक नया आयाम दिया।
एमआई के ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान
2011 सीएलटी20 (हरभजन सिंह)
2013 आईपीएल (रोहित शर्मा)
2013 सीएलटी20 (रोहित शर्मा)
2015 आईपीएल (रोहित शर्मा)
2017 आईपीएल (रोहित शर्मा)
2019 आईपीएल (रोहित शर्मा)
2020 आईपीएल (रोहित शर्मा)
2023 महिला प्रीमियर लीग (हरमनप्रीत कौर)
2023 मेजर क्रिकेट लीग (निकोलस पूरन)
2024 अंतर्राष्ट्रीय लीग टी20 (निकोलस पूरन)
2025 SA20 (राशिद खान)
2025 महिला प्रीमियर लीग (हरमनप्रीत कौर)
ऐसा रहा मैच
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स महिला को 8 रन से हार झेलनी पड़ी। यह मुंबई इंडियंस का दूसरा खिताब है। इससे पहले 2023 का शुरूआती सीजन भी उन्होंने जीता था। खास बात यह है कि तीनों सीजन में दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में पहुंची लेकिन खिताब नहीं जीत पाई। शनिवार को फाइनल में हरमनप्रीत कौर ने 66 तो नेट साइवर ब्रंट ने 30 रन बनाकर स्कोर 149 तक पहुंचाया। जवाब में खेलने उतरी दिल्ली 141 रन ही बना सकी। मेरिजाना केप और निकी प्रसाद ने जरूर अंत में रन बनाकर धड़कनें बढ़ाई लेकिन वह फाइनल जीत नहीं पाईं।