IPL 2026 पर यू-टर्न के संकेत, बांग्लादेश क्रिकेट ले सकता है बड़ा फैसला
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 01:18 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : Indian Premier League 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। इस बीच बांग्लादेश से बड़ी खबर सामने आई है कि वहां की सरकार IPL 2026 पर लगाए गए ब्रॉडकास्ट बैन को हटाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा है कि भारत के साथ अच्छे रिश्ते बनाने के लिए इस फैसले पर दोबारा विचार किया जा सकता है।
क्यों लगाया गया था IPL पर बैन?
दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब Board of Control for Cricket in India ने Kolkata Knight Riders से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज Mustafizur Rahman को IPL 2026 सीजन से रिलीज करने को कहा था। मुस्तफिजुर को IPL 2026 मिनी ऑक्शन में KKR ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बिना स्पष्ट कारण के रिलीज करने को कहे जाने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके जवाब में बांग्लादेश ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर रोक लगा दी थी।
T20 वर्ल्ड कप को लेकर भी बढ़ा विवाद
मामला यहीं नहीं रुका, इसके बाद बांग्लादेश ने भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने मैच भारत में खेलने से भी मना कर दिया था। हालांकि ICC ने बांग्लादेश की मांग नहीं मानी और बाद में टूर्नामेंट में उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया।
बांग्लादेश के खेल मंत्री का बयान
बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने कहा, 'हमने अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं लिया है। छुट्टियों के बाद हम क्रिकेट बोर्ड के साथ बैठक करेंगे और पूरी स्थिति समझने के बाद फैसला लिया जाएगा।' उन्होंने आगे कहा, 'हम भारत के साथ दोस्ताना संबंध विकसित करना चाहते हैं और खेल को राजनीति से दूर रखना चाहिए। हमें यह समझना होगा कि IPL का प्रसारण क्यों बंद किया गया था, उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।'
28 मार्च से शुरू होगा IPL 2026
IPL 2026 का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन Royal Challengers Bengaluru और Sunrisers Hyderabad के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

